पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य में बासमती के लिए एक उच्चस्तरीय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने का फैसला लिया है.
नीदरलैंड दौरे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों के हित के लिए कृषि और उद्योग क्षेत्र की कार्यप्रणालियों का गहराई से अध्ययन किया. जिससे खाद्यान्न उत्पादन में उस देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाई. भगवंत मान ने कहा कि राज्य में फसली विविधता को बड़े स्तर पर प्रोत्साहन देने की जरूरत है. इस दिशा में नीदरलैंड पंजाब की बड़ी मदद कर सकता है. उन्होंने कहा कि देश की भलाई के लिए पंजाब के किसानों ने उपजाऊ भूमि और पानी जैसे अनमोल प्राकृतिक संसाधनों का अत्यधिक उपयोग किया है.
मुख्यमंत्री मान ने रॉटरडैम में एलटी फूड्स की सुविधा का दौरा किया, जहां कंपनी ने 80 से अधिक देशों में अपनी मौजूदगी और एक लाख से अधिक किसानों के साथ मजबूत संबंधों की जानकारी दी. उन्होंने टिकाऊ खेती की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने के लिए कीटनाशकों के उपयोग में कमी लाना और वैश्विक बाजार में बासमती चावल को बढ़ावा देना जरूरी है.
टिकाऊ खेती पद्धतियों के लिए पहल
भगवंत मान के प्रयासों से एलटी फूड्स ने पंजाब में बासमती चावल के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने तथा सुनिश्चित खरीद और कम कीटनाशक उपयोग वाली खेती को बढ़ावा देने का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री ने शोध और टिकाऊ खेती पद्धतियों के लिए डच बहुराष्ट्रीय कंपनियों और पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) के बीच सहयोग मजबूत करने की वकालत की.






