Saturday, May 30, 2026
HomeLatest NewsJalandhar में नाबालिग को हिरासत में लेने पर हंगामा:थाने का गेट बंद...

Jalandhar में नाबालिग को हिरासत में लेने पर हंगामा:थाने का गेट बंद किया, मां बोलीं-बेटे को कुछ हुआ, तो जान दे दूंगी

जालंधर के थाना 6 में 10वीं कक्षा के छात्र को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद परिजनों ने देर रात जमकर हंगामा किया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस उनके 17 वर्षीय बेटे को बिना किसी ठोस जानकारी के 6 घंटे से ज्यादा समय तक थाने में बिठाए रखा और उन्हें मिलने तक नहीं दिया गया।
जहां एक तरफ पुलिस इसे स्नेचिंग के मामले में पूछताछ बता रही है, वहीं दूसरी ओर परिवार ने पुलिस पर दुर्व्यवहार और झूठे केस में फंसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि छात्र की मां ने थाने के बाहर जान देने तक की चेतावनी दे डाली।
पीड़ित महिला के अनुसार, उसका बेटा मात्र 17 वर्ष का है और 10वीं कक्षा का छात्र है। दोपहर के समय पुलिस उसे घर से उठाकर ले गई। परेशान परिवार जब अपने बच्चे की तलाश में सूर्य एंक्लेव थाने पहुंचा, तो वहां बताया गया कि उसे थाना नंबर 6 ले जाया गया है। लेकिन जब परिवार वहां पहुंचा, तो पुलिस कर्मियों ने थाने के मुख्य गेट बंद कर दिए और उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया।
नाबालिग को हिरासत में लेने के बाद रात में थाना नं 6 का गेट को खोलवाने की कोशिश करते परिजन।
नाबालिग को हिरासत में लेने के बाद रात में थाना नं 6 का गेट को खोलवाने की कोशिश करते परिजन।
मां ने दी जान देने की चेतावनी
महिला ने रोते हुए मीडिया को बताया कि उसका बेटा पिछले कई घंटों से पुलिस की कस्टडी में है, लेकिन कोई भी अधिकारी यह बताने को तैयार नहीं है कि उसे क्यों पकड़ा गया है। महिला ने गुहार लगाते हुए कहा कीअगर मेरे बेटे को कुछ भी हुआ, तो मैं थाने के बाहर ही अपनी जान दे दूंगी। परिजनों का कहना है कि पुलिस का रवैया बेहद अमानवीय रहा है और एक नाबालिग के साथ इस तरह का व्यवहार कानूनी रूप से भी गलत है।
पिता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
लड़के के पिता ने भी पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि वे दोपहर से ही अपने बेटे को ढूंढने के लिए शहर के अलग-अलग थानों के चक्कर काट रहे थे। रात के 12 बजे उन्हें पता चला कि बेटा थाना 6 में है। पिता का आरोप है कि जब वह पुलिस लाइन के पास पूछताछ करने गए, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें डराया-धमकाया और कहा कि अगर वे यहां से नहीं गए तो उनकी पिटाई की जाएगी।
मोबाइल छीनने के मामले में हिरासत में लिया
वहीं, इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि दोपहर के समय एक नाबालिग लड़की से मोबाइल फोन छीनने की वारदात हुई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शक के आधार पर उक्त युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments