लंडा गैंग के सदस्य सुमित का एनकाऊंटर करने के बाद पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा, डीसीपी रूपिंदर सिंह बराड़ व अन्य अधिकारियों समेत घटना स्थल पर पहुंचे।
लंडा गैंग के सदस्य सुमित का एनकाऊंटर करने के बाद पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा, डीसीपी रूपिंदर सिंह बराड़ व अन्य अधिकारियों समेत घटना स्थल पर पहुंचे। घटना स्थल पर थाना डिवीजन नंबर दो के एसएचओ गुरजीत सिंह व एसीपी अनिल भनोट से घटना की पूरी जानकारी ली। एसएचओ गुरजीत सिंह ने सीपी को टाइम लाइन के साथ घटना की पूरी जानकारी दी। घटना का जायजा लेने के बाद पुलिस कमिश्नर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने बतौर कमिश्नर ज्वाइन करते ही गैंगस्टरों को चेतावनी दे दी थी कि वो लुधियाना छोड़कर चले जाएं।
उन्होंने कहा कि वो फिर से कह रहे हैं कि गैंगस्टर व गुंडा तत्व लुधियाना छोड़ दें नहीं तो उनका यही हाल होगा जो आज लंडा गैंग के सदस्य सुमित का हुआ है। स्वप्न शर्मा ने कहा कि लंडा गैंग के सदस्यों के खिलाफ हत्या, फिरौती, लूट जैसे संगीन अपराधों के मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के खिलाफ भी पांच से छह केस दर्ज हैं। बाकी इनका क्रिमिनल रिकार्ड खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुमित अभी घायल है इसलिए उससे अभी पूछताछ संभव नहीं है। जैसे ही वह स्वस्थ होगा उससे पूछताछ की जाएगी और कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।
आरोपी से .32 बोर की पिस्टल बरामद, पुनीत बैंस के घर फायरिंग करने में इस्तेमाल की गई थी यही पिस्टल
पुलिस को शक है कि 20 अप्रैल को जनकपुरी में गैंगस्टर पुनीत बैंस के घर जो दो गोलियां चलाई गई थीं वो भी 0.32 बोर की पिस्टल से चलाई गई थी। गैंगस्टर सुमित से जो पिस्टल बरामद हुई वो भी 0.32 बोर पिस्टल है। एसीपी अनिल भनोट ने बताया कि आरोपी ने मुठभेड़ के दौरान भी .32 बोर की पिस्टल से फायरिंग की और वह पिस्टल उससे बरामद की गई। उन्होंने बताया कि अब इसकी जांच की जाएगी कि क्या यह वही पिस्टल है, जिससे गैंगस्टर पुनीत बैंस के घर में फायरिंग की गई थी। उन्होंने बताया कि .32 बोर पिस्टल के चली चार गोलियों के खोल भी पुलिस ने बरामद कर दिए। उन्होंने बताया कि फॉरैंसिक टीम ने भी घटना स्थल का पूरा निरीक्षण कर दिया।
स्कूटी के पीछे नंबर प्लेट नहीं थी और आगे के नंबर को खरोंच कर मिटाया था
सुमित जिस स्कूटी पर सवार होकर फरार हो रहा था, उसके पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि आगे टेप से जो नंबर लिखा गया था उसे भी उसने खरोंचकर मिटाया हुआ था ताकि कोई नंबर को ट्रैस न कर सके। थाना जमालपुर की पुलिस अब स्कूटी के मालिक को ट्रैस करने में जुटी है। पुलिस को शक है कि यह स्कूटी भी गैंगस्टरों ने कहीं से लूटी है या फिर चोरी की है। पुलिस ने स्कूटी को कब्जे में लेकर रामगढ़ चौकी में रख दिया है।
सुनसान एरिया में सुबह सात बजे पुलिस ने घेरा सुमित
थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस ने साहिबाणा गांव के आगे साइकिल वैली रोड के पास सुनसान जगह पर गैंगस्टर सुमित को घेरा। वहां पर एक कमरा बना हुआ है और एक तरफ पेड़ है बाकी दोनों तरफ खेत हैं। आसपास कहीं भी कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं है।
दो दिन से लगाया था सुमित को गिरफ्तार करने के लिए ट्रैप
थाना डिवीजन नंबर दो की पुलिस ने गैंगस्टर सुमित के साथी अक्षय को 29 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। पुलिस लगातार उससे बाकी के तीन आरोपियों के बारे में जानकारी ले रही थी। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि पुनीत बैंस के घर गोली चलाने में सुमित भी शामिल था, जिसके बाद पुलिस ने सुमित की गिरफ्तारी के लिए ट्रैप लगाया था।
थाना डिवीजन नंबर दो के एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें बुधवार रात को सूचना मिली थी कि सुमित साहिबाणा गांव के आसपास घूमता रहता है। उन्होंने बताया कि देर रात से ही पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया था। सुबह सात बजे जब वो साइकिल वैली रोड से भुंदड़ी रोड की तरफ निकला तो पुलिस ने उसे वहां पर घेर दिया और उसके साथ मुठभेड़ हो गई।