Wednesday, September 30, 2026
Home Blog Page 146

Amritsar में देर रात फिर हुई ‘ब्लैकआउट ड्रिल’, नागरिकों से की गई घर पर रहने की अपील

 ‘मॉक ड्रिल’ के तहत पंजाब के अमृतसर जिले में बिजली बंद होने के कुछ ही देर बाद जिला प्रशासन ने बुधवार देर रात को फिर से ‘ब्लैकआउट’ अभ्यास किया

 राष्ट्रव्यापी नागरिक सुरक्षा ‘मॉक ड्रिल’ के तहत पंजाब के अमृतसर जिले में बिजली बंद होने के कुछ ही देर बाद जिला प्रशासन ने बुधवार देर रात को फिर से ‘ब्लैकआउट’ अभ्यास किया, जिसमें निवासियों से घर के अंदर रहने और नहीं घबराने की अपील की गई। यह ‘ब्लैकआउट ड्रिल’ देर रात करीब डेढ़ बजे की गई। अमृतसर के जिला जनसंपर्क अधिकारी द्वारा साझा किए गए एक संदेश में कहा गया, ‘‘अत्यंत सावधानी बरतते हुए अमृतसर जिला प्रशासन ने फिर से ‘ब्लैकआउट ड्रिल’ शुरू कर दी है।’’
संदेश में कहा गया है, ‘‘कृपया घर पर रहें, घबराएं नहीं, अपने अपने घरों के बाहर इकट्ठा न हों और घरों की बाहरी लाइट बंद रखें।’’ इससे पहले अमृतसर में रात साढ़े 10 बजे से 11 बजे तक ‘ड्रिल’ की गई थी। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाए जाने के कुछ घंटों बाद राष्ट्रव्यापी ‘मॉक ड्रिल’ हुई।

Operation Sindoor: चंडीगढ़ में मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां हुई रद्द, आपातकालीन मोड में रहने के दिए निर्देश

 पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए भारतीय सेना ने 6 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया।

पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए भारतीय सेना ने 6 मई की रात ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया। इस सैन्य कार्रवाई में पाकिस्तान स्थित 9 आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया। इसके बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और आपातकालीन तैयारियों को तेज कर दिया गया है।
इस स्थिति को देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, चंडीगढ़ ने भी एहतियातन कदम उठाए हैं। मिशन निदेशक की ओर से 7 मई 2025 को एक आधिकारिक आदेश जारी किया गया, जिसमें सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियों को अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
24×7 ड्यूटी पर रहने के दिए निर्देश
जारी किए गए नोटिफिकेशन में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी मेडिकल स्टाफ को आपातकालीन ड्यूटी के लिए हर समय तैयार रहना होगा। उन्हें 24×7 फोन पर उपलब्ध रहना अनिवार्य किया गया है और किसी भी आपात स्थिति में बुलाए जाने पर तुरंत रिपोर्ट करना जरूरी होगा। निर्देशों का उल्लंघन करने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
अन्य राज्यों में भी हाई अलर्ट
चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब में भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। साथ ही, राज्य पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी स्थगित कर दी गई हैं।
कड़ी निगरानी और सतर्कता जारी
सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी गहन निगरानी की जा रही है और सभी विभागों को अलर्ट रहने को कहा गया है।

Punjab-Haryana में जल विवाद तनाव चरम पर, BBMB चेयरमैन को आप कार्यकर्ताओं ने बनाया बंधक

पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहा जल विवाद अब और अधिक गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है।

पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहा जल विवाद अब और अधिक गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) को लेकर हालात इतने बिगड़ गए कि आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने बोर्ड के चेयरमैन मनोज त्रिपाठी को सतलुज भवन में कथित रूप से रोक लिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात BBMB के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा नंगल डैम से जबरन पानी छोड़ने की कोशिश की गई, जिस पर पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अधिकारी को हिरासत में ले लिया। इस कदम के बाद स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।
-नंगल डैम पहुंचे CM मान
बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एडवोकेट जनरल मनिंदरजीत सिंह बेदी के साथ नंगल डैम पहुंचे। उसी दौरान जब चेयरमैन मनोज त्रिपाठी डैम में प्रवेश करना चाह रहे थे, उन्हें रोक दिया गया, जिसके बाद वे सतलुज भवन लौटे। वहाँ AAP नेता और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और भवन के मुख्य द्वार पर ताला जड़ कर विरोध दर्ज कराया।
इस बीच, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पंजाब पुलिस या सरकार BBMB के कार्य में बाधा नहीं डाल सकती। कोर्ट ने कहा कि भाखड़ा नंगल डैम और लोहंद कंट्रोल रूम के संचालन में केंद्र के निर्देश ही मान्य होंगे।
-2 मई को हुई थी बैठक
मुख्य न्यायाधीश शील नागू और न्यायमूर्ति सुमित गोयल की खंडपीठ ने केंद्र सरकार की 2 मई को हुई बैठक के निर्णयों को तत्काल प्रभाव से लागू करने का आदेश दिया है। बैठक में हरियाणा को अतिरिक्त 4500 क्यूसेक पानी देने का फैसला हुआ था, जबकि अभी तक उसे केवल 4000 क्यूसेक पानी ही मिल रहा है।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पंजाब सरकार इस निर्णय से असहमत है, तो वह BBMB के माध्यम से केंद्र सरकार से संवाद कर सकती है, लेकिन सीधे हस्तक्षेप करना कानून के विरुद्ध होगा। यह विवाद जल प्रबंधन और राज्यों के अधिकारों को लेकर एक बड़ी कानूनी और राजनीतिक चुनौती बनकर उभर रहा है।

Punjab में ब्लैक आऊट सफल, बड़े शहरों में सायरन बजते ही हुआ अंधेरा, सड़कें रही सुनसान, पहले ही बाजार हुए बंद

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले और भारत के ऑप्रेशन सिंदूर के बाद पंजाब के शहरों में मॉक ड्रिल की गई।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले और भारत के ऑप्रेशन सिंदूर के बाद पंजाब के शहरों में मॉक ड्रिल की गई। इसके बाद शाम 7.30 बजे शहरों में ब्लैकआउट शुरू हो गया है। बिजली बंद होते ही सायरन बजा और शहरों की सड़कों में सन्नाटा पसर गया। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। सभी शहरों में पुलिस ब्लैक आउट को सफल बनाने में जुटी रही।
ब्लैक आऊट के दौरान जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, मोहाली, पटियाला, बठिंडा सहित अन्य शहरों में सायरन की आवाजें आती रही जबकि सड़कों पर अंधेरा और सन्नाटा पसर गया। फिरोजपुर के कैंटोन्मैंट एरिया में भी सायरन बजे और अंधेरा छाया रहा। यहां खतरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राज्य के गांवों में भी ब्लैक आऊट रहा। गांव में सुबह से ही गुरुद्वारों से बकायदा अनाउंसमेंट होती रही और लोगों को प्रशासन की ओर से दी गई हिदायतों के बारे में जानकारी दे दी गई थी। इसका असर यह रहा कि गांवों में भी ब्लैक आऊट का पूरा असर रहा।
पंजाब में जिलों में ब्लैक आऊट का समय अलग-अलग रखा गया था। कई शहरों में ब्लैक आऊट शुरु होने से पहले ही बाजार बंद हो गए। प्रशासन ने सभी जिलों में विभिन्न माध्यमों से मॉक ड्रिल और ब्लैक आऊट के लिए जागरुक कर दिया था और इसका पालन करने की सख्त हिदायतें दी गई थीं। इससे पहले आज सुबह मॉक ड्रिल के दौरान जालंधर, अमृतसर और मोहाली-लुधियाना सहित पंजाब के शहर सायरन की आवाज से गूंजे। सायरन बजते ही स्कूलों में बच्चे डैस्क के नीचे छिप गए। प्ले ग्राउंड में खेलते बच्चे सेफ जगह ढूंढने के लिए दौड़े। स्कूल में पुलिस ने बच्चों को सिविल डिफैंस के तरीके बताए। बच्चों को सिखाया की युद्ध की स्थिति में कैसे खुद का बचाव करना है।

Kapurthala में बिजली विभाग के कर्मचारी की करंट लगने से मौत

0

कपूरथला में बिजली विभाग के कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई।

कपूरथला में बिजली विभाग के कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। भुलत्थ में बिजली कर्मचारी खंभे पर चढ़कर मरम्मत कर रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह बिजली की तार से चिपक गया और वहीं उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान दलवीर सिंह के रूप में हुई है वह बिजली विभाग में बतौर लाइनमैन था। घटनास्थल पर पहुंचे बिजली अधिकारियों ने बताया कि बिजली का करंट लगने के कारण की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर पहुंची भुलत्थ पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।

9 मई तक बंद रहेंगे देश के 27 एयरपोर्ट, उड़ान भरने से पहले जरूर पढ़ें यह जरूरी जानकारी

अगर आप आने वाले दिनों में हवाई यात्रा करने वाले हैं, तो आपके लिए यह खबर बेहद जरूरी है।

अगर आप आने वाले दिनों में हवाई यात्रा करने वाले हैं, तो आपके लिए यह खबर बेहद जरूरी है। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते देश के 27 एयरपोर्ट्स को सुरक्षा कारणों से 9 मई तक अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 आतंकी ठिकानों को तबाह किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
किन एयरपोर्ट्स पर रहेगा असर?
राजस्थान, पंजाब, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों के एयरपोर्ट्स 9 मई तक बंद रहेंगे।
इन प्रमुख हवाई अड्डों में शामिल हैं:
चंडीगढ़, श्रीनगर, अमृतसर, लुधियाना, शिमला, जम्मू, लेह, पठानकोट, गग्गल, धर्मशाला, भुंतर, पटियाला, हलवारा, बठिंडा
राजस्थान के जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, किशनगढ़
गुजरात के जामनगर, भुज, राजकोट, पोरबंदर, मुंद्रा, केशोद, कांडला
ग्वालियर (मध्यप्रदेश) और हिंडन (उत्तर प्रदेश)
दिल्ली एयरपोर्ट की चेतावनी
दिल्ली हवाई अड्डे ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि सभी रनवे और टर्मिनल्स पर संचालन सामान्य है, लेकिन हवाई क्षेत्र की बदलती स्थिति के चलते कुछ उड़ानों पर असर पड़ा है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी उड़ान की जानकारी संबंधित एयरलाइनों से प्राप्त करें।
200 से अधिक उड़ानें रद्द
हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों और सुरक्षा कारणों से अब तक 200 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर समेत कई बड़ी कंपनियों ने प्रभावित क्षेत्रों से अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। इंडिगो ने श्रीनगर और अमृतसर से 165 से ज्यादा उड़ानें रद्द की हैं। वहीं बता दें कि एयर इंडिया ने जम्मू, लेह, जोधपुर, भुज, अमृतसर और चंडीगढ़ जैसे केंद्रों के लिए उड़ानें रोक दी हैं।
यात्रियों के लिए सुझाव
अगर आपकी यात्रा इन तारीखों के बीच निर्धारित है, तो कृपया उड़ान की स्थिति की पुष्टि पहले ही कर लें। एयरपोर्ट पर समय से पहले पहुंचें और किसी भी बदलाव के लिए एयरलाइन की वेबसाइट या कस्टमर केयर से संपर्क बनाए रखें।

Amritsar में ऑपरेशन सिंदूर के बाद लोगों में मचा हड़कंप

भारतीय सेना द्वारा पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में घुसकर ऑपरेशन सिंदूर किया गया है।

भारतीय सेना द्वारा पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान में घुसकर ऑपरेशन सिंदूर किया गया है। 9 आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया गया है। इसके बाद लोगों में दहशत के साथ-साथ हड़कंप मच गया है। जंग लगने की संभावना को देखते हुए लोग घरों में राशन इकट्ठा करने के लिए जुट गए हैं।
बुधवार को शहर की करियाना की दुकानों के साथ-साथ द मॉल में लोगों की लंबी कतारें लग गई। लोग घंटों लाइनों में खड़े रहे और खाने पीने का सम्मान खरीदते हुए नजर आए। ऐसे ही हालत शहर के पैट्रोल पंपों पर भी नजर आए।
लोगों द्वारा अपनी गाड़ियों के अलावा दो पहिया वाहनों में तेल भरवाया गया। इसके बाद बोतलों और कैन में भी तेल भरवाकर स्टोर किया गया है। दूसरी तरफ पुलिस कमिश्नर और डिप्टी कमिश्नर का कहना है कि लोग किसी तरह की अफवाह पर विश्वास ना करें। हालात सामान्य हैं। केवल मॉक ड्रिल की गई है।
जंग से पहले ही सक्रिय हुए कालाबाजारी
अमृतसर में करियाना और अन्य सामान की होलसेल मार्कीट ढाब बस्तीराम है। बुधवार की सुबह जैसे ही लोगों को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में पता चला तो लोग ढाब बस्तीराम की तरफ दौड़े मगर वहां के कुछ दुकानदार कालाबाजारी पर उतर आए। एकदम से ही घी, तेल, चीनी, आटा और अन्य सामान को ब्लैक करने लगे। जब मीडिया को पता चला तो मीडिया मौके पर कवरेज करने के लिए पहुंचा। कालाबाजारी इकट्ठा हो गए और मीडिया के साथ झगड़ा किया।

Holidays in Punjab : इस जिले के सरकारी स्कूलों में आज से छुट्टियों का ऐलान

भारत-पाक सीमा पर तनावपूर्ण हालातों के मद्देनज़र, तरनतारन जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाया।

भारत-पाक सीमा पर तनावपूर्ण हालातों के मद्देनज़र, तरनतारन जिला प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाया। जिसके तहत जिले कसभी शैक्षणिक संस्थानों में चार दिनों की छुट्टियाँ घोषित कर दी हैं। डिप्टी कमिश्नर राहुल ने सोमवार से बुधवार तक (8 से 11 मई) स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक इकाइयों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
हालांकि, इस दौरान शिक्षण स्टाफ को संस्थान में नियमित रूप से उपस्थित रहना होगा। जिला प्रशासन द्वारा यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा और स्थानीय हालात को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
-प्रशासन आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार
डिप्टी कमिश्नर राहुल ने यह स्पष्ट किया कि 12 मई को स्कूलों को खोलने या बंद रखने को लेकर निर्णय, परिस्थितियों की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तरनतारन प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने जिले के लोगों से संयम बरतने और आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी से परहेज़ करने की अपील की। “जिले में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। तेल, गैस, दवाइयां और राशन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
-लोगों को दी सतर्क रहने की सलाह
उन्होंने कहा, इसके साथ ही, उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। “बिना पुष्टि के किसी भी खबर या सलाह को साझा न करें। इससे अनावश्यक भय का माहौल बन सकता है। उन्होंने आगाह किया कि, जिला प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि जमाखोरी या कालाबाजारी जैसे गैरकानूनी कार्यों में शामिल पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Operation Sindoor के बाद देशभर में हाई अलर्ट, 150 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल

भारतीय वायुसेना द्वारा 7 मई की रात 1 से 3 बजे के बीच पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर  में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत के कुछ हिस्सों में एयरस्पेस सीमित कर दिया गया है।

 भारतीय वायुसेना द्वारा 7 मई की रात 1 से 3 बजे के बीच पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoJK) में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारत के कुछ हिस्सों में एयरस्पेस सीमित (Restricted) कर दिया गया है। इसका असर घरेलू हवाई सेवा पर भी पड़ा है। 150 से ज्यादा फ्लाइट्स को 10 मई तक के लिए रद्द कर दिया गया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
किन एयरलाइन्स की फ्लाइट्स हुईं रद्द?
1. इंडिगो एयरलाइंस (IndiGo)
इंडिगो ने अपनी 150 से अधिक उड़ानों को रद्द किया है। एयरस्पेस के अस्थायी प्रतिबंध के चलते जिन रूट्स पर असर पड़ा है, वे इस प्रकार हैं:
  • श्रीनगर
  • जम्मू
  • अमृतसर
  • लेह
  • चंडीगढ़
  • धर्मशाला
  • बीकानेर
  • जोधपुर
  • ग्वालियर
  • किशनगढ़
  • राजकोट
    2. एयर इंडिया (Air India)
एयर इंडिया ने भी कई फ्लाइट्स को कैंसिल किया है। प्रभावित शहरों में शामिल हैं…
  • जम्मू
  • श्रीनगर
  • लेह
  • जोधपुर
  • अमृतसर
  • भुज
  • जामनगर
  • चंडीगढ़
  • राजकोट
फ्लाइट्स रद्द होने की समयसीमा
एविएशन अथॉरिटीज़ द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक:
-ये उड़ानें 10 मई की सुबह 5:29 बजे तक रद्द रहेंगी।
-इसके बाद हालात की समीक्षा कर निर्णय लिया जाएगा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयरलाइन्स की प्रतिक्रिया
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यात्रियों को जानकारी दी और असुविधा के लिए खेद जताया। एयरलाइंस ने कहा, “मौजूदा हालात के कारण हमारे नेटवर्क पर कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों से निवेदन है कि वे नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें।”
क्यों किया गया यह फैसला?
-भारत द्वारा PoJK में की गई एयर स्ट्राइक के बाद सुरक्षा कारणों से एयरस्पेस को सीमित किया गया।
-संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है।
-यह फैसला पूरी तरह से सावधानी और नागरिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
यात्रियों के लिए सलाह
-अपनी यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप पर अपडेट चेक करें।
-कस्टमर केयर से संपर्क कर वैकल्पिक यात्रा विकल्पों की जानकारी लें।
-धैर्य रखें — यह निर्णय सुरक्षा के लिहाज़ से आवश्यक है।

अटारी और हुसैनीवाला बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी को लेकर अहम खबर, नए आदेश हुए जारी

भारत-पाकिस्तान सीमा पर हर शाम को होने वाली ऐतिहासिक और रोमांचकारी रिट्रीट सेरेमनी को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है।

भारत-पाकिस्तान सीमा पर हर शाम को होने वाली ऐतिहासिक और रोमांचकारी रिट्रीट सेरेमनी को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने सुरक्षा कारणों के चलते अटारी बॉर्डर और हुसैनीवाला बॉर्डर पर इस समारोह को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
-रिट्रीट सेरेमनी पर लगी रोक
सूत्रों के अनुसार, अमृतसर स्थित अटारी बॉर्डर पर बीएसएफ द्वारा की जाने वाली रिट्रीट परेड को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया है। अब यात्रियों और पर्यटकों को इस परेड को देखने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, झंडा उतारने की रस्म पूर्ववत जारी रहेगी, लेकिन यह रस्म सीमित स्टाफ की मौजूदगी में ही संपन्न की जाएगी।
-सुरक्षा कारणों को लेकर लिया फैसला
इसी तरह, फिरोजपुर जिले के हुसैनीवाला बॉर्डर पर भी रिट्रीट सेरेमनी को रोक दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा यह कदम हाल ही में बढ़े हुए सीमा पार तनाव और भारत की ओर से किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के मद्देनजर उठाया गया है।
इस फैसले का उद्देश्य सीमा पर भीड़भाड़ को रोकना और अप्रत्याशित परिस्थितियों से निपटने के लिए सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करना बताया जा रहा है।
-नए आदेश हुए जारी
इसके अतिरिक्त, अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी 10 मई तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। इससे क्षेत्र में सामान्य जनजीवन और आवागमन पर भी असर पड़ा है। स्थानीय प्रशासन और बीएसएफ ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।