Jalandhar धमाके के बाद पूरे Punjab में हाई अलर्ट, NIA और IB टीम जांच में होंगी शामिल
जालंधर में हुए धमाके के बाद पंजाब में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
पूरे राज्य में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और पुलिस को हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जालंधर में देर रात हुई हाई लेवल मीटिंग
सूत्रों के मुताबिक चंडीगढ़ से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शुक्रवार रात जालंधर पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें धमाके के बाद की स्थिति और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। बैठक में यह चर्चा हुई कि जांच को किस दिशा में आगे बढ़ाना है और शहर में सुरक्षा कैसे और मजबूत की जाए। गुरप्रीत दियो भी जालंधर पहुंचीं और अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त रखने के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों पर बढ़ी सुरक्षा
धमाके के बाद शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस लगातार वाहनों की जांच कर रही है और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। कई जगहों पर नाकाबंदी भी की गई है ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति को तुरंत पकड़ा जा सके।
वरिष्ठ अधिकारियों को भी मैदान में उतारा गया
स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए राजपत्रित अधिकारियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे रात के समय खुद सड़कों पर गश्त करें और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें। अधिकारियों को कहा गया है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत कार्रवाई की जाए। पुलिस कंट्रोल रूम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
धमाके की जांच में जुटीं कई एजेंसियां
जालंधर धमाके की जांच अब बड़े स्तर पर की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) की टीमें भी जांच में शामिल हो गई हैं। ये एजेंसियां पंजाब पुलिस और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर घटना के हर पहलू की जांच कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमाका कैसे हुआ और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं।
आतंकी एंगल और विदेशी कनेक्शन की भी जांच
सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि कहीं इस घटना के पीछे कोई आतंकी संगठन, विदेशी नेटवर्क या बड़ी साजिश तो नहीं है।एजेंसियां धमाके से जुड़े हर छोटे-बड़े सुराग को जोड़ने में लगी हैं। इसके अलावा संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
सात टीमों ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज
घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के लिए सात अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें हर वीडियो को ध्यान से देख रही हैं ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन का पता लगाया जा सके। शुक्रवार को एक दर्जन से ज्यादा लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले और बाद में कौन लोग इलाके में मौजूद थे।
मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया की भी जांच
जांच एजेंसियां अब मोबाइल लोकेशन, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं। अधिकारियों को शक है कि घटना से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया या मोबाइल के जरिए संपर्क किया हो सकता है। फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से कई अहम सबूत जुटाए हैं जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमाके में इस्तेमाल सामग्री कहां से लाई गई थी।
पुलिस बोली- जल्द हो सकते हैं बड़े खुलासे
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हर एंगल से जांच चल रही है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही मामले में बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पूरे शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जगराओं में राइस मिल पर कृषि विभाग की रेड:252 क्विंटल सब्सिडी वाली खाद बरामद, मालिक समेत तीन पर केस
एएसआई तरसेम सिंह के अनुसार, खेतिबाड़ी विकास अफसर-कम-खाद निरीक्षक सिधवां बेट हर्ष कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी।
पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं में किसानों के लिए सरकार द्वारा सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई जाने वाली यूरिया खाद की कथित कालाबाजारी का बड़ा खुलासा हुआ है। कृषि विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव गोरसिया मक्खन रोड स्थित खुदाई चक्क की एक राइस मिल पर छापा मारा।
यहां से भारी मात्रा में यूरिया खाद बरामद की गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने राइस मिल मालिक अभिषेक कुमार, वनीत कुमार और प्रवीन कुमार के खिलाफ थाना सिधवां बेट में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई तरसेम सिंह के अनुसार, खेतिबाड़ी विकास अफसर-कम-खाद निरीक्षक सिधवां बेट हर्ष कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कृषि अधिकारी रमिंदर सिंह और कृषि विकास अधिकारी अमनदीप शर्मा के साथ मिलकर श्री शाम राइस मिल, गोरसिया मक्कन रोड गांव खुदाई चक्क में जांच की थी। छापेमारी के दौरान राइस मिल मालिक अभिषेक कुमार और अमृतपाल सिंह मौके पर मौजूद थे।
560 बैग यूरिया खाद बरामद
जांच के दौरान राइस मिल के अंदर से 560 बैग यूरिया खाद बरामद किए गए, जिसका कुल वजन 252 क्विंटल है। दस्तावेजों की जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के मुताबिक, यूरिया की बिल्टी नंबर 1953 दिनांक 07 मई 2026 को गोयल एंड कंपनी सुनाम द्वारा काटी गई थी। यह बिल्टी गुरप्रीत सिंह के नाम पर बनाई गई थी, जिनके पास रैक से सीधे खाद खरीदने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
इतना ही नहीं, जिस फर्म के नाम पर यह खाद मंगवाई गई थी, उसके पास खाद कारोबार करने का लाइसेंस भी मौजूद नहीं पाया गया। इसके बाद कृषि विभाग की टीम ने पंजाब पेस्टीसाइड एंड फर्टिलाइजर, भूंदड़ी में भी छापा मारा, जहां भारी मात्रा में खाद अवैध रूप से भंडारित पाई गई।
निजी लाभ के लिए की हेराफेरी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राइस मिल मालिक अभिषेक कुमार ने अपने भाई वनीत कुमार के साथ मिलकर निजी लाभ के लिए सब्सिडी वाली यूरिया की कथित तौर पर हेराफेरी की। इसमें आढ़ती श्री दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी और रैक होल्डर गोयल एंड कंपनी सुनाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि किसानों के हिस्से की खाद को गुपचुप तरीके से स्टोर कर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
फिलहाल तीनों आरोपी फरार
कृषि विभाग ने मामले को किसानों के अधिकारों पर सीधा डाका करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और इस खेल में शामिल अन्य लोगों पर भी जल्द बड़ी कार्रवाई हो सकती है। वही इस मामले को लेकर जांच अधिकारी ने बताया कि फिलहाल तीनों आरोपी फरार चल रहे है। जिनको पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। उनके गिरफ्तार होने के बाद भी आगे की जांच होगी।
अमृतसर GNDU में छात्रों और गार्ड में मारपीट, VIDEO:ID कार्ड मांगने पर भड़के छात्र, सुरक्षाकर्मी के साथ की हाथापाई
अमृतसर की गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में छात्रों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच मारपीट का मामला सामने आया है।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक सिक्योरिटी गार्ड के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं लोग इस घटना की जमकर निंदा कर रहे हैं। मामले को लेकर जब ड्यूटी ऑफिसर से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि वीरवार (7 मई) को यूनिवर्सिटी के सिक्योरिटी गार्ड ने कुछ छात्रों से उनका आईडी कार्ड दिखाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। ड्यूटी ऑफिसर के मुताबिक आईडी कार्ड मांगने पर छात्र नाराज हो गए और उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी।
गार्ड पर थप्पड़ मारने का आरोप
दूसरी तरफ सूत्रों के हवाले से यह बात भी सामने आई है कि बहस के दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने एक छात्र को थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद माहौल और ज्यादा बिगड़ गया और देखते ही देखते वहां हंगामा शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में तनाव का माहौल बन गया। फिलहाल पूरा मामला पुलिस के पास पहुंच चुका है और वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।
कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों और कर्मचारियों से शांति बनाए रखने की अपील की है
Jalandhar में 10 किलो चूरा पोस्त समेत 5 गिरफ्तार:पिस्टल और 6 राउंड बरामद, गुप्त सूचना पर पुलिस ने की रेड
जालंधर की बिलगा पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 किलोग्राम चूरा पोस्त (सूखा फूल), एक पिस्टल, एक मैगजीन और छह राउंड बरामद किए हैं। बिलगा थाने के एसएचओ गुरशरण सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह बाबा रहमतशाह चेकपॉइंट, गुमटाली रोड, बिलगा के पास मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव गुमटाला कॉलोनी में अलादीन उर्फ भोला के घर पर अवैध गतिविधियों के संबंध में छापेमारी की जानी चाहिए।
कब्जे से प्रतिबंधित सामग्री बरामद की
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने अलादीन उर्फ भोला पुत्र ताज मोहम्मद उर्फ ताजू (निवासी गुमटाला कॉलोनी, बिलगा, जालंधर), अनुज कुमार पुत्र अरुण शाह (निवासी सलामगंज, लुधियाना, हाल भामियां, जमालपुर, लुधियाना), ऋषभ मिश्रा पुत्र रतन मिश्रा (निवासी ग्यासपुरा, लुधियाना), रितिक उर्फ नानू पुत्र मनोज कुमार (निवासी चौमन चौक, लुधियाना) और आफताब उर्फ रियाज पुत्र अली मोहम्मद (निवासी कुकर, जमशेर, जालंधर) के कब्जे से प्रतिबंधित सामग्री बरामद की।





