पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद पंजाब में सुरक्षा के मद्देनज़र हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
भारत सेना द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद पंजाब में सुरक्षा के मद्देनज़र हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों में सेना की कार्रवाई के जवाब में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए राज्य सरकार ने कई सख्त कदम उठाए हैं। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
सीमावर्ती जिलों में स्कूल बंद…
पंजाब सरकार ने एहतियात के तौर पर गुरदासपुर, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर और फाजिल्का जैसे सीमावर्ती जिलों में सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला किया है। इसके साथ ही करतारपुर कॉरिडोर को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की घुसपैठ या आतंकी गतिविधि को रोका जा सके।
मुख्यमंत्रियों के दौरे रद्द, हवाई सेवाएं स्थगित
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आज का पंजाब दौरा रद्द कर दिया गया है। प्रशासन ने यह कदम सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उठाया है। इसके साथ ही अमृतसर एयरपोर्ट को 10 मई तक बंद रखने का आदेश दिया गया है, जबकि चंडीगढ़ एयरपोर्ट को अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है।
आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट
सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा, “आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। हमें अपनी भारतीय सेना और वीर सैनिकों पर गर्व है।” वहीं, पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए सरकार के सभी कार्यक्रम फिलहाल रद्द कर दिए गए हैं।
सरकार की एडवाइजरी का पालन करें
राज्य प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सब कदम जनता की सुरक्षा के लिए हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।