Jammu – Kashmir में बड़ी साजिश नाकाम, पुंछ में IED और टिफिन बम बरामद, जेलों पर आतंकी हमले का अलर्ट
पहलगाम हमले के बाद सेना लगातार जम्मू-कश्मीर में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर में बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया है। सेना ने पुंछ से 5 IED और 3 टिफिन बम बरामद किए हैं। इसे सुरनकोट क्षेत्र से बरामद किया है। इसके साथ ही कई प्रतिबंधित संचार उपकरण भी मिले हैं। सुरक्षा बलों को 5 आईईडी, 1-5 लीटर के गैस सिलेंडर, काले रंग की दूरबीन, काले रंग के 2 वायरलैस सेट, 2 ऊनी टोपी, 3 काले रंग की पैंट है।
जेलों की सुरक्षा बढ़ाई
इस बीच जम्मू-कश्मीर की जेलों पर आतंकी हमले का अलर्ट है। ऐसे में श्रीनगर सेंट्रल जेल, जम्मू के कोट बलवाल जैसी जैलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन जेलों में कई हाईप्रोफाइल आतंकी और ओवरग्राउंड वर्कर बंद हैं। आतंकी हमले का इनपुट मिलने के बाद सीआईएसएफ के डीजी ने रविवार को श्रीनगर में सेना और पुलिस के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की। इसके बाद जेलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बता दें कि अक्टूबर 2023 में सीआरपीएफ को जम्मू-कश्मीर की जेलों की सुरक्षा का जिम्मा मिला था।
यूएनएससी के सामने गिड़गिड़ाएगा पाकिस्तान
दोनों वर्करों को 1 जनवरी 2023 को राजौरी जिले में हुए आतंकी हमले के बाद अरेस्ट किया गया था। इस हमले में दो बच्चों समेत 7 लोग मारे गए थे। हमले के अगले दिन आईईडी विस्फोट भी हुआ था। इस बीच आज यूएनएससी में सोमवार को भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर अहम बैठक होगी। इसमें दोनों देश अपना-अपना रुख रखेंगे। इस बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि वह आज यूएनएससी की बैठक में भारत की कार्रवाईयों, उकसावे और भड़काऊ बयानों के साथ सिंधु जल संधि को निलंबित करने की जानकारी देगा।
रक्षा मंत्री ने क्या कहा?
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत लगातार सेना की जरूरतों को दुरुस्त करने में जुटा है। तनाव के बीच भारत ने रूस से कुछ सामानों की खरीद की है। इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बयान भी सामने आया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा मंत्री के तौर पर मेरी जिम्मेदारी है कि भारत पर बुरी नजर रखने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि आप जो चाहेंगे, वही होगा।
बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की माैत हो गई थी। वहीं 17 पर्यटक घायल हुए थे। हमले के बाद ही भारत पाकिस्तान पर लगातार ताबड़तोड़ फैसला ले रहा है। उधर पीएम मोदी ने भी सेना को फ्री हैंड दे दिया है। ऐसे में देखना यह है कि सेना कब और कैसे आतंकियों से बदला लेती है?
Pakistan से तनाव के बीच Amritsar में ISI के दो एजेंट अरेस्ट, गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप
पहलगाम हमले के बीच जहां एक और भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है।
पाकिस्तान से तनाव के बीच पंजाब पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने अमृतसर में दो जासूस को अरेस्ट किया है। दोनों पर सेना की गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि दोनों जासूस पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को सूचनाएं भेजते थे। पकड़े गए जासूसों के नाम पलाक शेर मसीह और सुरज मसीह है।
मामले में डीजीपी ने जानकारी देते हुए बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने 3 मई 2025 को दो व्यक्तियों पलक शेर मसीह और सूरज मसीह को अरेस्ट किया है। दोनों पर अमृतसर में सेना छावनी क्षेत्रों और वायुसेना के ठिकानों की संवेदनशील जानकारी और तस्वीरें लीक करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उनके पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों से संबंध हैं जो हरप्रीत सिंह उर्फ पिट्टू उर्फ हैप्पी के जरिए स्थापित किए गए। हैप्पी फिलहाल अमृतसर सेंट्रल जेल में बंद हैं।
पंजाब पुलिस सेना के साथ
दोनों के खिलाफ गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। इसके आधार पर आगे के खुलासे किए जा सकेंगें। डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस भारतीय सेना के साथ मजबूती से खड़ी है और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए अपने कर्तव्य पर अडिग है। हमारे सशस्त्र बलों की ओर से सुरक्षा को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का दृढ़तापूर्वक और तत्काल जवाब दिया जाएगा।
भारत-पाकिस्तान के बीच चरम पर तनाव
बता दें कि इन दिनों देशभर में पहलगाम आतंकी हमले को गुस्सा और गम का माहौल है। इस बीच अमृतसर में जासूसों का पकड़ा जाना एक बड़ा मामला है। हमले के बाद से पाकिस्तान और भारत के बीच तनाव चरम पर है। भारत अब तक पाकिस्तान को लेकर कई ताबड़तोड़ फैसले कर चुका है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में 4 आतंकियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं 17 पर्यटक घायल हो गए थे। घटना के बाद मामले की जांच एनआईए कर रही है।
‘पानी पर जितना हक हिमाचल का उतना ही पंजाब का…’, कांग्रेस विधायक के बयान से सियासत गरमाई
पानी के मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है।
पानी के मुद्दे को लेकर पंजाब और हरियाणा में विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है तो अब हिमाचल की एंट्री के बाद मामला और गरमा गया है। जिसे लेकर आप के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने हिमाचल के सीएम पर निशाना साधा है तो अब पंजाब कांग्रेस के विधायक का भी बयान सामने आया है। जालंधर कैंट के विधायक प्रगट सिंह ने कहा हिमाचल ओर पंजाब दोनों रिपेरियन स्टेट है और जितना हिमाचल का हक है उतना ही पंजाब का हक है। हरियाणा और राजस्थान दोनों रिपेरियन स्टेट नहीं है और दोनों संवैधानिक तौर पर कोई इजाजत नहीं है। प्रगट सिंह ने कहा कि पंजाब के साथ अभी तक नाइंसाफी ही हुई है और पंजाब का पुर्नगठन एक्ट के तहत सेक्शन 78,79,80 के कारण पंजाब के साथ जबरदस्ती हुई है,जिस कारण हरियाणा और राजस्थान को पंजाब का पानी गया है।
पंजाब के साथ नाइंसाफी हो रही
प्रगट सिंह ने कहा कि हिमाचल का अगर कुछ बनता है तो हरियाणा या राजस्थान से बनता है जबकि पंजाब से उनका कुछ नहीं बनता है। हम कानून की बात करते है और पंजाब के साफ नाइंसाफी हो रही है। हिमाचल ओर राजस्थान में किसी ओर राज्य का व्यक्ति लॉ बने होने के कारण कोई जमीन नहीं ले सकता तो पंजाब में भी ऐसा कानून बनाना चाहिए। पहलगाम में जो हुआ है वह बहुत गलत हुआ है और जो लोग मारे गए हैं उनके साथ पूरा देश खड़ा है।
चन्नी के बयान पर दी ये प्रतिक्रिया
चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर प्रगट सिंह ने कहा कि उन्होंने स्टेटमेंट देखी नहीं है और अगर देखी भी है तो वह इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। वहीं भाजपा को लेकर कहा कि भाजपा ऐसे बयानों को तोड़ मरोड़ कर पेश करती है और भाजपा की सोशल मीडिया एलटी विंग भी बयानों को तोड़ मरोड़ कर पेश करता है।
पंजाब-हरियाणा में जल संकट क्यों गहराया?
बता दें कि पंजाब और हरियाणा के बीच पानी का मुद्दा राज्य के निर्माण के साथ ही शुरू हुआ था जोकि अभी भी बरकरार है। ताजा विवाद तब हुआ जब भाखड़ा ब्यास प्रबंधन की बैठक के दौरान हरियाणा ने 8500 क्यूसेक पानी मांगा। हरियाणा को रोजाना 4000 क्यूसेक पानी मिल रहा है लेकिन अब उसने 8500 क्यूसेक पानी मांगा है। इसके बाद पंजाब के सीएम ने कहा कि पंजाब पहले से ही जल संकट से जूझ रहा है ऐसे में हम पानी की एक बंूद नहीं दे सकते।
पंजाब ने दिया ये तर्क
पंजाब ने कहा कि इस बार पहाड़ों में कम बर्फबारी के चलते पोंग और रंजीत सागर बांधों का जल स्तर औसत से भी कम है। पंजाब का दावा है कि हर लेखा वर्ष की शुरुआत में बीबीएमबी प्रत्येक राज्य को उसके जल का हिस्सा निर्धारित करता है। चालू वर्ष के लिए पंजाब को 5.512 मिलियन एकड़ फुट, हरियाणा को 2.987 मिलियन, राजस्थान को 3.318 मिलियन एकड़ फुट पानी का आवंटन किया गया। इस आवंटन के खिलाफ हरियाणा ने पहले ही 3.110 मिलियन फुट पानी वापस ले लिया। इसके पीछे उसने तर्क दिया कि उसे पीने के पानी की जरूरत ज्यादा है।
पंजाब सरकार के मंत्री हरजोत बैंस, बोले- नहीं करने देंगे अधिकारों का हनन
पंजाब सरकार के मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चौथे दिन भी नांगल बांध का दौरा करने पहुंचे।
पंजाब के शिक्षा और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने लगातार चौथे दिन नांगल में भाखड़ा बांध का दौरा किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हरियाणा को अतिरिक्त पानी न छोड़ा जाए। स्थिति का आकलन करने के बाद, हरजोत सिंह बैंस ने इस बात पर जोर दिया कि पंजाब की अर्थव्यवस्था के लिए पानी बहुत महत्वपूर्ण है, जो कृषि पर बहुत अधिक निर्भर है।
हरजोत सिंह बैंस ने पुष्टि की कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पानी के संबंध में लिए गए निर्णय पर अडिग है। शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया, “हम स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले ही नांगल डैम का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए कल (5 मई) पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र भी बुलाया है।
‘अपने अधिकारों के लिए लड़ेंगे’
पंजाब सरकार किसानों के अधिकारों के लिए लड़ने में दृढ़ है और हम भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र और अन्य राज्यों को हमारे अधिकारों का हनन नहीं करने देंगे। हमारे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता नांगल डैम की चौकसी कर रहे हैं। धान की बुवाई का मौसम नजदीक आने के साथ, हमारे किसानों को पानी की जरूरत है और हम किसी अन्य राज्य के लिए अतिरिक्त पानी नहीं छोड़ सकते।”उन्होंने अधिकारियों से नांगल बांध से पानी छोड़े जाने के बारे में भी जानकारी ली, साथ ही पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाया कि उनके हित सुरक्षित हैं।
‘धान की खेती के लिए पानी जरूरी’
हरजोत सिंह बैंस ने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के दौरान अतिरिक्त पानी से उत्पन्न चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला, जो अक्सर स्वान नदी में अचानक बाढ़ के साथ पंजाब के गांवों को प्रभावित करता है। उन्होंने सवाल किया कि पड़ोसी राज्य जरूरत के समय अतिरिक्त पानी क्यों नहीं लेते, फिर भी पंजाब से उम्मीद करते हैं कि जब धान के फसल का मौसम आ रहा है तो राज्य के किसानों के लिए यह महत्वपूर्ण है कि वह अपना पानी साझा करे।
उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार की जन-हितैषी पहलों ने इस साल अतिरिक्त 10,000 एकड़ की सिंचाई को सक्षम बनाया है। भविष्य की योजनाओं में अर्ध-पहाड़ी चंगर क्षेत्र को लाभ पहुंचाने के लिए पाइपलाइन के माध्यम से लिफ्ट सिंचाई योजना शामिल है। बरसात के मौसम में बाढ़ को रोकने के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लेते हुए, एस. बैंस ने कहा कि राज्य सरकार जल निकायों की सतर्कतापूर्वक निगरानी कर रही है, कमजोर बांधों को मजबूत कर रही है।
IPL 2025: पंजाब किंग्स ने लखनऊ को दी 37 रन से मात, पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंची
पंजाब किंग्स ने लखनऊ को दी 37 रन से मात , पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंची
हिमाचल के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए आईपीएल 2025 के 54वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 37 रनों से हराया। पंजाब की जीत में सबसे अहम योगदान प्रभु सिमरन की 91 रनों की पारी का रहा, जिसकी बदौलत उसने विरोधी टीम के सामने 237 रनों का पहाड़ सा लक्ष्य रखा।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपरजायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले में अपने तीन विकेट खो दिए। टीम की तरफ से सर्वाधिक 74 रन (40 गेंद) पांचवें नंबर बल्लेबाजी करने आए आयुष बडोनी ने बनाए। उनके अलावा सिर्फ अब्दुल समद ही 20 से ज्यादा रन बना पाए। उन्होंने 24 गेंदों पर 45 रन बनाए। वहीं कप्तान ऋषभ पंत इस मैच में भी फ्लॉप रहे और मात्र 18 रन बनाए। टीम निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 199 रन बना पाई और मुकाबले को 37 रनों से गंवा दिया।
पंजाब किंग्स की तरफ से अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उनके अलावा अजमतुल्लाह ओमरजाई को दो तथा मार्को जानसेन और युजवेंद्र चहल को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम को पहला झटका सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या (1) के रूप में पहले ही ओवर में लगा। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज जॉश इंगलिस ने सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह के साथ मिलकर टीम का स्कोर 50 तक पहुंचाया। इंगलिस ने 14 गेंदों पर तेजी से 30 रन बनाए।
चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान श्रेयस अय्यर ने प्रभसिमरन के साथ मिलकर 12.2 ओवर में टीम का स्कोर 128 तक पहुंचाया। उन्होंने 25 गेंदों पर 45 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वह दिग्वेश राठी की गेंद पर मयंक यादव को कैच थमा बैठे और अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। दूसरे छोर पर सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन ने आक्रामक अंदाज में खेलना जारी रखा। उन्होंने 91 रन की पारी में सात गगनचुंबी छक्के और छह चौके लगाए। 189 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करने वाले सिमरन का विकेट 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर गिरा।
अंत में नेहाल वढेरा 16 रन (9 गेंद), शशांक सिंह नाबाद 33 रन (15 गेंद) और स्टोइनिस नाबाद 15 रन (5 गेंद) ने भी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण पारी खेली। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 236 रन बनाए।
लखनऊ सुपरजायंट्स की तरफ से आकाश महाराज सिंह और दिग्वेश राठी को दो-दो सफलताएं तथा प्रिंस यादव को एक विकेट मिला। टीम की तरफ से सबसे खर्चीले गेंदबाज मयंक यादव बने। उन्होंने 15 की इकोनॉमी से अपने चार ओवर के कोटे में 60 रन दिए। आकाश महाराज सिंह ने 7.50 की इकोनॉमी से चार ओवर में 30 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं और सबसे किफायती गेंदबाजी की।
Punjab Weather Update: बारिश-तूफान का ऑरेंज अलर्ट… उमस से मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
पंजाब में मौसम का मिजाज फिर से बिगड़ गया है।
पंजाब में मौसम का मिजाज फिर से बिगड़ गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ ने 5 मई 2025 के लिए राज्य के कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट देखी गई।
वहीं पंजाब में मौसम की करवट ने गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन बारिश और तूफान की संभावना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहना जरूरी है।
कई जिलों में झमाझम बारिश, तापमान में गिरावट
रविवार को रोपड़ में सबसे अधिक 16 मिमी बारिश दर्ज की गई।अन्य प्रमुख जिलों में बारिश का विवरण इस प्रकार रहा।
अमृतसर: 5.0 मिमी
लुधियाना: 1.0 मिमी
पठानकोट: 4.0 मिमी
बारिश के कारण राज्य में औसत तापमान में करीब 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है। हालांकि, बठिंडा में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक दर्ज किया गया।
जिलावार तापमान (5 मई 2025):
अमृतसर: 32.9°C
लुधियाना: 32.3°C
पटियाला: 36.4°C
फरीदकोट: 32.2°C
होशियारपुर: 35.7°C
जालंधर: 35.6°C
मोहाली: 35.4°C
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
आज कहां-कहां ऑरेंज और येलो अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट (5 मई): पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, संगरूर, मानसा
येलो अलर्ट (5-8 मई): पंजाब के शेष सभी जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी है।
पानी के मुद्दे पर कांग्रेस के दोहरे रवैये को लेकर ‘आप’ का हमला, लगाया सियासी अवसरवाद का आरोप
लोकसभा सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बीबीएमबी के पानी के मुद्दे पर केंद्र और हरियाणा सरकार की सख्त आलोचना की एवं भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों पर
आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद मलविंदर सिंह कंग ने बीबीएमबी के पानी के मुद्दे पर केंद्र और हरियाणा सरकार की सख्त आलोचना की एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों पर पंजाब को पानी से वंचित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। रविवार को पार्टी कार्यालय चंडीगढ़ में आप प्रवक्ता गगनदीप सिंह और रंजीत सिंह के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए कंग ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों को घेरा कहा कि पंजाब के खिलाफ कांग्रेस ने जो अन्याय किया है अब भाजपा की केंद्र सरकार उसे और आगे बढ़ा रही है।
कंग ने कहा, ‘भाजपा और कांग्रेस दोनों का पंजाब के पानी को लूटने का पुराना इतिहास रहा है। आज ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने आप और भाजपा पर पानी के मुद्दे पर मिलीभगत का आरोप लगाया है, लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल उलट है। हकीकत ये है कि कांग्रेस ने पंजाब के पानी के दोहन की नींव रखी थी और भाजपा की सरकार उसे को जारी रखे हुए है। कंग ने कांग्रेस की दोहरी नीति की आलोचना की तथा पंजाब व हरियाणा कांग्रेस नेताओं के विरोधाभासी रुख को उजागर किया।
उन्होंने कहा कि सुरजेवाला को पहले यह स्पष्ट करना चाहिए कि पंजाब कांग्रेस सही है या हरियाणा कांग्रेस। पंजाब में सर्वदलीय बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सीएम भगवंत मान के इस रुख का समर्थन किया था कि पंजाब अपने हिस्से के पानी को लेकर किसी भी तरह की जबरदस्ती बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं सुरजेवाला ने आज उल्टे पंजाब पर ही गलत करने का आरोप लगा दिया और हरियाणा सरकार के कुप्रबंधन व पानी की अधिक खपत को सही ठहराया है।
कंग ने इंदिरा गांधी के काल से लेकर पंजाब के कांग्रेसी मुख्यमंत्रियों द्वारा एसवाईएल नहर की आधारशिला रखे जाने तक कांग्रेस सरकारों द्वारा की गई गलतियों को बताया और कहा, ‘कांग्रेस की विरासत पंजाब के अधिकारों को कमजोर करने पर आधारित है और भाजपा ने अब इस एजैंडे को और तेज कर दिया है।’ कंग ने हरियाणा के कुप्रबंधन की आलोचना की और हरियाणा कांग्रेस से आग्रह किया कि वह पंजाब को निशाना बनाने के बजाय भाजपा और हरियाणा सरकार को जवाबदेह ठहराए।
‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ मुहिम के तहत बटाला पुलिस ने कादियां में भारी बारिश में नशा तस्कर का अवैध निर्माण किया ध्वस्त
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ के तहत कार्रवाई करते हुए
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ के तहत कार्रवाई करते हुए आज बटाला पुलिस ने कादियां में भारी बारिश में नशा तस्कर नवशरण दास उर्फ काका की अवैध रूप से बनाई गई कोठी को जेसीबी मशीन से गिरा दिया गया।
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए बटाला के एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने बताया कि इस नशा तस्कर के खिलाफ अलग-अलग थानों में 6 मुकद्दमे दर्ज हैं, जिनमें से 4 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस तस्कर के खिलाफ पुलिस स्टेशन कादियां में 3, काहनूवान, दीनानगर और एसएएस नगर में एक-एक मामला दर्ज है।
उन्होंने कहा कि इस पर लगी धाराओं और इसकी केस हिस्ट्री से स्पष्ट है कि यह व्यक्ति लंबे समय से नशा तस्करी के धंधे में शामिल है। एसएसपी ने नशा तस्करों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल है, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई तब तक जारी रहेगी जब तक नशे का कारोबार करने वाले लोग मुख्यधारा में नहीं आ जाते या पंजाब छोड़कर पंजाब से बाहर नहीं चले जाते।
एसएसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव द्वारा इस संबंधी स्पष्ट हिदायतें दी गई हैं कि जो भी व्यक्ति नशा तस्करी के धंधे में शामिल है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एसएसपी बटाला ने आगे कहा कि बटाला पुलिस द्वारा नशों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है और पिछले दो महीनों में बटाला पुलिस ने 250 मामले दर्ज किए हैं। नशा तस्करों की 52 संपत्तियों को कानूनी कार्रवाई करते हुए अटैच किया गया है, जिनकी कीमत लगभग 28 करोड़ रुपए बनती है।
उन्होंने बताया कि गांव और वार्ड स्तर पर सुरक्षा कमेटियों के साथ बैठकें करके उनके सहयोग से नशों पर रोक लगाई जा रही है और 110 गांवों द्वारा नशा खत्म करने के प्रस्ताव पारित किए गए हैं, जिससे नशे को जड़ से खत्म किया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि हमारे लिए हमारे बच्चे और हमारी युवा पीढ़ी को संभालना बेहद जरूरी है, जो इन तस्करों के घटिया कामों की वजह से नशे की लत में पड़कर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। इस मौके पर राजेश कक्कड़, डीएसपी कादियां, भूपिंदर सिंह ईओ कादियां, निर्मल सिंह एसएचओ कादियां, एसएचओज और अन्य सीनियर पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।
Punjab-Haryana जल विवाद, CM Mann ने आज बुलाया विधानसभा का स्पेशल सेशन, होगा बड़ा फैसला
पंजाब और हरियाणा के बीच बढ़ते तनाव के बीच आज, 5 मई 2025 को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।
भाखड़ा-ब्यास नदी के जल वितरण को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच बढ़ते तनाव के बीच आज, 5 मई 2025 को पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। यह सत्र सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसमें हरियाणा को अतिरिक्त पानी न देने संबंधी प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने सत्र बुलाने की अनुमति पहले ही दे दी है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान का स्पष्ट रुख
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जल विवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि पंजाब अब हरियाणा को अतिरिक्त पानी नहीं देगा। उन्होंने स्पष्ट किया, “हरियाणा पहले ही अपने हिस्से का पानी इस्तेमाल कर चुका है। पंजाब केवल मानवीय आधार पर मदद कर रहा था, लेकिन अब हम पीछे नहीं हटेंगे।”

प्रधानमंत्री से मिल सकते हैं सभी दलों के नेता




