Friday, October 2, 2026
Home Blog Page 8

ईरान और अमेरिका के बीच डील तय, लेकिन इस्लामाबाद में नहीं होगी बैठक! जानिए 2 कारण

इस्लामाबाद में बैठक पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.

ईरान और अमेरिका के बीच समझौते को लेकर 3 बिंदुओं पर सहमति बन गई है, जिसके बाद दोनों पक्ष एक पेज का समझौता प्रस्ताव जारी करने की तैयारी में है. ईरान से फाइनल जवाब आने के बाद इसको लेकर दोनों देश के डेलिगेशन आमने-सामने की बैठक करेंगे. इस बार बैठक इस्लामाबाद की जगह जिनेवा में हो सकती है. इसके 2 संकेत भी मिले हैं.
दरअसल, ईरान की कोशिश इस्लामाबाद की जगह जिनेवा में बैठक करने की है. जंग से पहले भी समझौते को लेकर जिनेवा में ही बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन उससे पहले ही अमेरिका ने ईरान पर हमला कर दिया था.

इस्लामाबाद में बैठक क्यों नहीं, 2 संकेत

1. एक्सियोस ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बैठक का स्थान तय नहीं हुआ है. जिनेवा को लेकर बातचीत चल रही है. जिनेवा में शांति स्थापित करने के लिए पहले भी कई समझौते हुए हैं. मसलन, फ्रांस-वियतनाम के समझौते, सोवियत-अफगानिस्तान के समझौते. जिनेवा संधि के तहत ही दुनियाभर के युद्ध में घायल सैनिकों के साथ मानवीय व्यवहार करना अनिवार्य है.
2. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्टर डूनबोर्स ने समझौते को लेकर खबर आने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से बात की. ट्रंप ने उन्हें कहा कि समझौता करीब-करीब फाइनल है, लेकिन तुम इस्लामाबाद नहीं चले जाना. क्योंकि, अभी कुछ भी तय नहीं है. डूनबोर्स का कहना है कि ईरान भी समझौते को लेकर सहमत है.

ईरान और अमेरिका में किन मुद्दों पर बनी सहमति

एक्सियोस ने व्हाइट हाउस के सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट की है. इसके मुताबिक अमेरिका और ईरान के बीच 3 मुद्दों पर सहमति बन गई है. पहला मुद्दा है- परमाणु हथियारों को नहीं बनाने का संकल्प. यानी ईरान यह तय करेगा कि वो परमाणु हथियार बनाने के लिए यूरेनियम संवर्धन नहीं करेगा. इसके अलावा उसके पास जो संवर्धित यूरेनियम है, उसे या तो पतला करेगा या खत्म करेगा.
दोनों के बीच दूसरी सहमति होर्मुज को लेकर बनी है. ईरान और अमेरिका होर्मुज से अपना ब्लॉकेड समाप्त करेगा. अभी होर्मुज को ईरान तो होर्मुज के बाहर अमेरिका ने नाकाबंदी कर रखा है.
अमेरिका और ईरान में तीसरी सहमति आर्थिक प्रतिबंध हटाने को लेकर बनी है. अमेरिका ईरान पर से आर्थिक प्रतिबंध खत्म करेगा. इसके अलावा जो उसके फ्रीज पैसे हैं, वो भी वापस लौटाएगा. ईरान को कम से कम इस प्रोसेस के जरिए 150 अरब डॉलर से ज्यादा पैसे मिलने की उम्मीद है.

Apple ने भारत के रिन्यूएबल एनर्जी इंफ्रा में 100 करोड़ रुपये निवेश की योजना बनाई

कंपनी ने बताया कि यह निवेश अग्रणी रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट कंपनियों में से एक क्लीनमैक्स के सहयोग से किया जाएगा।

दिग्गज अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी एप्पल ने भारत के रिन्यूएबल एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए निवेश करने का ऐलान किया है। यह कंपनी के स्थिरता और कार्बन न्यूट्रल बनने की तरफ बढ़ने के उद्देश्यों के मुताबिक है।
कंपनी ने बताया कि यह निवेश अग्रणी रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट कंपनियों में से एक क्लीनमैक्स के सहयोग से किया जाएगा, जिससे देशभर में 150 मेगावाट से अधिक की नई रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता का निर्माण करने में मदद मिलेगी।
आईफोन निर्माता कंपनी के अनुसार, नियोजित क्षमता लगभग 1.5 लाख भारतीय घरों को प्रति वर्ष बिजली प्रदान करने के लिए पर्याप्त होगी और आने वाले वर्षों में इसे और भी बढ़ाया जा सकता है।
इस पहल का उद्देश्य भारत में एप्पल की आपूर्ति श्रृंखला में रिन्यूएबल एनर्जी को बढ़ावा देना है और यह कंपनी के 2030 तक अपने पूरे परिचालन क्षेत्र में कार्बन न्यूट्रल बनने के लक्ष्य का समर्थन करती है।
एप्पल की पर्यावरण और आपूर्ति श्रृंखला नवाचार की उपाध्यक्ष सारा चैंडलर ने कहा,”एप्पल में, पर्यावरण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता कंपनी और दुनिया भर में नवाचार के लिए एक प्रेरक शक्ति है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमें भारत की स्वच्छ ऊर्जा अर्थव्यवस्था में निवेश करने और देश के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने के अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने पर गर्व है।”
इसके अलावा, एप्पल ने पहले क्लीनमैक्स के साथ रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट्स पर साझेदारी की थी, जिसके तहत भारत में इसके कार्यालयों और खुदरा स्टोरों को 100 प्रतिशत रिन्यूएबल एनर्जी से चलाया जाएगा।
रिन्यूएबल एनर्जी निवेश के अलावा, कंपनी ने भारत में प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने और हरित उद्यमिता को बढ़ावा देने पर केंद्रित नई साझेदारियों की भी घोषणा की।
कंपनी ने कहा कि वह डब्ल्यूडब्ल्यूएफ-इंडिया के साथ मिलकर रीसाइक्लिंग और अपशिष्ट प्रबंधन पहलों का समर्थन कर रही है ताकि सामग्री की रिकवरी में सुधार हो और पारिस्थितिकी तंत्र में प्लास्टिक का रिसाव कम हो।
आईफोन निर्माता कंपनी एक्यूमेन के साथ भी साझेदारी कर रही है ताकि अपशिष्ट प्रबंधन, पुनर्योजी कृषि और चक्रीय अर्थव्यवस्था समाधानों जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे शुरुआती चरण के हरित उद्यमों को अनुदान और मार्गदर्शन सहायता प्रदान की जा सके।

Jalandhar में आज CM भगवंत मान की ‘शुक्राना यात्रा’, प्रशासन ने सुरक्षा के किए विशेष प्रबंध

0

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ‘शुक्राना यात्रा’ का आज दूसरा दिन है।

शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और आयोजन स्थल के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है।यह यात्रा हाल ही में लागू किए गए जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026′ के बाद आयोजित की जा रही है। सरकार इसे धार्मिक सम्मान और जनभावनाओं से जुड़ी अहम पहल के रूप में देख रही है। यात्रा की शुरुआत जालंधर सेंट्रल के वरिंदर सिंह घुमन पार्क से की, जिसे पहले डीसी पार्क के नाम से जाना जाता था।
प्रशासन ने संभाली कमान
कार्यक्रम से पहले डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने आयोजन स्थल का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजाम, ट्रैफिक डायवर्जन, स्टेज मैनेजमेंट और लोगों की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं का निरीक्षण किया।
पुलिस प्रशासन ने शहर के कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सरकार की उपलब्धियों पर होगा फोकस
आम आदमी पार्टी के जालंधर सेंट्रल प्रभारी नितिन कोहली ने कहा कि पंजाब सरकार ने बेअदबी के मामलों को लेकर जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया है। उनके मुताबिक यह कानून राज्य में धार्मिक सम्मान बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करेंगे और सरकार की विभिन्न योजनाओं व उपलब्धियों को साझा करेंगे। साथ ही राज्य सरकार की जनहित नीतियों पर भी चर्चा की जाएगी।
आयोजकों का कहना है कि ‘शुक्राना यात्रा’ केवल राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और धन्यवाद की भावना से जुड़ी पहल है। इसका उद्देश्य पूरे पंजाब में सामाजिक एकता और गुरु साहिबानों के प्रति सम्मान का संदेश देना है।
3 दिनों में पूरे राज्य के गुजरेगी
यह यात्रा तीन दिनों तक चलेगी और राज्य के प्रमुख धार्मिक व शहरी क्षेत्रों से होकर गुजरेगी-
पहला दिन: श्री आनंदपुर साहिब से रूपनगर, बलाचौर, बंगा और फगवाड़ा
दूसरा दिन: जालंधर, अमृतसर, तरनतारन, फरीदकोट सहित कई शहर
तीसरा दिन: बठिंडा, मानसा, संगरूर, पटियाला होते हुए श्री फतेहगढ़ साहिब में समापन

Punjab: IT सेक्टर कर्मचारी के घर ED की रेड, 9वीं मंजिल से फेंका कैश से भरा बैग

0

घटना के बाद पूरी सोसाइटी में भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

मोहाली के खरड़ स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब केंद्रीय जांच एजेंसी ने एक आईटी सेक्टर से जुड़े कर्मचारी के फ्लैट पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फ्लैट की 9वीं मंजिल से नकदी से भरा बैग नीचे फेंक दिया गया, जिसे नीचे मौजूद एक ड्राइवर ने तुरंत उठाकर फरार होने की कोशिश की।
सूत्रों के अनुसार, एजेंसी की टीम जैसे ही वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी पहुंची, फ्लैट में मौजूद लोगों ने जल्दबाजी में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि पैसों से भरा बैग पहले लाल रंग के बैग में रखा गया था, जिसे बाद में सफेद बैग में डालकर नीचे फेंका गया। नीचे गिरते ही बैग फट गया और ₹500 के नोटों की गड्डियां जमीन पर बिखर गईं।
टीम ने ड्राइवर को पीछा कर पकड़ा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नीचे पहले से मौजूद ड्राइवर ने तुरंत बैग उठाया और सफेद रंग की कार में बैठकर निकलने की कोशिश की। हालांकि केंद्रीय एजेंसी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान बैग से करीब 21 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
सोसाइटी में मचा हड़कंप
घटना के बाद पूरी सोसाइटी में भारी भीड़ जमा हो गई और सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। खरड़ के डीएसपी ईशांत सिंगला के निर्देश पर पुलिस टीम ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की। थाना खरड़ सिटी के एसएचओ अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आगे की जांच जारी
फिलहाल केंद्रीय एजेंसी की ओर से मामले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। शुरुआती जांच में नकदी के स्रोत और उससे जुड़े संभावित लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी।

Jalandhar के स्कूल को उड़ाने की धमकी:बच्चों की छुट्टी की गई, बम स्क्वायड टीम कर रही चेकिंग

0

स्कूल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस को सूचना दी।

जालंधर के APJ स्कूल को गुरुवार सुबह साढ़े 9 बजे के करीब बम से उड़ाने की धमकी मिली है। स्कूल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर को एहतियातन खाली करा दिया गया। वहीं बच्चों को छुट्टी देकर सुरक्षित तरीके से घर भेज दिया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। दो महीने के अंदर तीसरी बार स्कूल को उड़ाने की धमकी मिली है।
वहीं आज पंजाब सीएम भगवंत मान भी जालंधर में हैं, जिसके चलते हाई सिक्योरिटी है। बावजूद इसके स्कूल को बम से उड़ाने की मेल मिली है। बता दें कि, मंगलवार को ही BSF चौक में स्कूटी और अमृतसर आर्मी एरिया के बाहर ब्लास्ट हो चुका है। इसके साथ ही पंजाब को लगातार बम धमाकों की धमकियां भी मिल रही हैं।
स्कूल को धमकी मिलने के बाद की PHOTOS

परिजन स्कूल से छुट्टी के मैसेज को लेकर परेशान
परिजनों का कहना है कि उन्हें स्कूल से फोन आया और कहा कि सिक्योरिटी कारण के चलते छुट्टी कर दी गई है। स्कूल में पुलिस पहुंच गई है। वहीं अन्य परिजन ने कहा कि 9 बजे सिक्योरिटी रीजन बताकर स्कूल में छुट्टी की गई है। उन्हें स्कूल से मैसेज आया है कि 10 बजे पेरेंट्स बच्चों को घर ले जाए। परिजन स्कूल से छुट्टी के मैसेज को लेकर परेशान है।
छात्र की अपील- प्रशासन को सख्त एक्शन लेना चाहिए
आठवीं कक्षा के एक छात्र ने कहा कि स्कूल को 3 से 4 बार बम की थ्रेट आने से छुट्टी हुई है। छात्र ने अपील की है कि प्रशासन को सख्त एक्शन लेना चाहिए।
किसी तरह के थ्रेट की जानकारी नहीं-प्रिंसिपल
प्राइमरी स्कूल इंचार्ज और प्रिंसिपल रंजना डोगरा ने बताया कि उनको मैनेजमेंट की तरफ से फोन आया था कि बच्चों को आज एक घंटा पहले छुट्टी कर दें। इसके चलते पेरेंट्स को एक घंटा पहले आकर बच्चों को लेकर जाने का मैसेज किया गया था। किसी तरह की थ्रेट की जानकारी नहीं है। उन्होंने तो मैनेजमेंट की इंस्ट्रक्शन को ही फॉलो किया है। कल के लिए क्या इंस्ट्रक्शन होंगे ये भी पेरेंट्स को स्कूल ग्रुपों में सूचित कर दिया जाएगा।
जालंधर के 5 से 6 स्कूलों को धमकी-एडीसीपी 1
मामले में एडीसीपी 1 आकर्षी जैन ने कहा कि जालंधर के 5 से 6 स्कूलों को धमकी भरी मेल मिली है। पुलिस सभी स्कूलों में जांच कर रही है। अभी तक कहीं से कुछ संदिग्ध नहीं मिला है।
पुलिस और स्कूल प्रशासन की मीटिंग
डॉक्टर निपुन खन्ना ने बताया कि स्कूल से केजुएटली चांस को लेकर छुट्टी का मैसेज किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में लगातार थ्रेट आनी शुरू हो गई है। आज स्कूल में पुलिस के अधिकारी स्कूल प्रशासन के साथ मीटिंग कर रहे हैं।

बंगाल के बाद अब Punjab पर वार…CM भगवंत मान बोले- ये ब्लास्ट BJP के इलेक्शन की तैयारी

0

पंजाब के डबल ब्लास्ट पर सीएम भगवंत मान ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

पंजाब में हुए डबल ब्लास्ट पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा बयान दिया है. मान ने कहा कि बीजेपी ने कहा कि बंगाल के बाद पंजाब की बारी है. ये ब्लास्ट बीजेपी के इलेक्शन की तैयारी है. बीजेपी हिंसा फैलाकर, डरा धमकाकर वोट लेती है. बीजेपी जहां जाती है वहां लड़ाई कराती है. दंगे कराना लोगों को बांटना बीजेपी का काम है. पंजाब शांति वाला राज्य है, बीजेपी अपनी हरकतों से बाज आए.
सीएम मान ने कहा कि सरबत का भला करने वाली गुरबाणी यहां पर सुबह शाम करोड़ों लाउडस्पीकरों से बोली जाती है. आप हमारे साथ इस तरह की हरकतें ना करें. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार द्वारा बनाए गए बेअदबी कानून से ये लोग बहुत परेशान है क्योंकि इन्हें पंजाब में लोगों को लड़वाना था. अगर बेअदबी होगी तो इन्हें दो समुदायों को आपस में भड़काना था, भिड़वाना था.

‘पंजाब ने बहुत काली रातें और काले दिन देखे हैं’

मगर अब इस नए बेअदबी कानून से सख्त सजा हो जाएगी तो कोई इनके कहने पर बेअदबी भी नहीं करेगा इसलिए ये कानून बीजेपी के एजेंडे पर बिल्कुल उल्टा हो गया. ये बीजेपी की पंजाब की तैयारी है. छोटे-मोटे ब्लास्ट करवाकर, लोगों को डराकर क्या आप लोगों से वोट लेना चाहते हो? मैं बीजेपी वालों को कहना चाहता हूं कि पंजाब ने बहुत काली रातें और काले दिन देखे हैं.
लोगों के जख्म अभी भी हरे ही हैं इसलिए इस तरह की हरकतों से बीजेपी बाज आ जाए. मान ने कहा कि ये बीजेपी के काम करने का स्टाइल है. जिस स्टेट में इलेक्शन लड़ना है, पहले वहां पर दंगे करवा दो, छोटे-मोटे धमाके करवा दो या आपस में लोगों की लड़ाई करवा दो, धर्म और जाति के नाम पर बांट दो. ये बीजेपी की पंजाब की तैयारी है.

‘बाज आए BJP, पंजाबी ये सब बर्दाश्त नहीं करेंगे’

सीएम मान ने कहा कि पंजाब देश के लिए हमेशा खड़ा है. जब भी देश संकट में होता है, चाहे अनाज की बात हो, चाहे कहीं दुश्मन की गोली का संकट हो, पंजाब हमेशा अपने सीने पर संकट लेता है. मगर पंजाब में शांति बनी रहेगी, कानून-व्यवस्था बनी रहेगी, दोषियों को सख्त सजा भी होगी और बीजेपी को मैं ये कहना चाहता हूं कि हमने बहुत काले दिन देख लिए हैं. अब पंजाबी ये सब बर्दाश्त नहीं करेंगे. पंजाबी शांतिप्रिय लोग हैं, हम दुनिया का भला मांगने वाली गुरबाणी पढ़ते हैं.

बंगाल में 100 सीटों पर मैंडेट को लूटा गया- मान

वहीं, बंगाल रिजल्ट पर मान ने कहा कि ममता बनर्जी की शिकायत है कि 100 सीटों पर उनके मैंडेट को लूटा गया है. वहां पर उनके लोग एजेंट के तौर पर बैठने नहीं दिए गए. उनको मारा-पीटा गया, उनको मारपीट कर भगा दिया गया. इलेक्शन कमीशन पर बहुत सारे दोष लग रहे हैं. ऐसे में इलेक्शन कमीशन को इस पूरी स्थिति को स्पष्ट करना चाहिए. चुनाव आयोग को एक पक्ष का नहीं बनना चाहिए. इलेक्शन कमीशन सारी पार्टियों के लिए एक समान है. बहुत सारे सवाल इलेक्शन कमीशन पर उठते हैं उनको स्पष्ट करना चाहिए.

तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम, आज PM मोदी से करेंगे मुलाकात

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम तीन दिन के भारत दौरे पर मंगलवार को बिहार के गया पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की और पवित्र बोधि वृक्ष के नीचे ध्यान लगाकर आध्यात्मिक अनुभव लिया। यह स्थल बौद्ध धर्म के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।

गया एयरपोर्ट पर उनका स्वागत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। इसके बाद राष्ट्रपति तो लाम ने मंदिर परिसर का दौरा किया और वहां स्थित वियतनामी मठ भी देखा। सम्राट चौधरी ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे भारत और वियतनाम के रिश्तों को और मजबूती मिलेगी।
अपने दौरे के अगले चरण में राष्ट्रपति तो लाम बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा वह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है, जिसे दोनों देशों के बीच संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Vietnam President to lam india visit

रक्षा सहयोग पर रहेगी खास नजर

सूत्रों के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान भारत और वियतनाम के बीच रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष चर्चा हो सकती है। इसमें भारत की अत्याधुनिक ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की संभावित खरीद का मुद्दा भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि यह रक्षा सौदा करीब 60 अरब रुपये का हो सकता है, जिसमें प्रशिक्षण और लॉजिस्टिक सहायता भी शामिल होगी। इससे पहले भारत फिलीपींस को ब्रह्मोस मिसाइल बेच चुका है और इंडोनेशिया के साथ भी इस दिशा में समझौता कर चुका है। अगर वियतनाम के साथ यह समझौता होता है, तो यह भारत की रक्षा निर्यात नीति को और मजबूत करेगा और वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।

जालंधर से आज CM मान शुरू करेंगे शुकराना यात्रा:पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां जांची, मजबूत बैरिकेडिंग के निर्देश; रूट पर 24 घंटे तैनात रहेगी टीम

0

जालंधर से बुधवार को CM भगवंत मान शुकराना यात्रा शुरू करेंगे।

सीएम के शाम 4 बजे के करीब पहुंचने की चर्चा है। पार्टी की तरफ से अभी ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि सीएम के विजेट को लेकर जालंधर ग्रामीण पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। इस यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करने और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में वनीत आहलावत, एसपी मुकेश कुमार , एसपी पीबीआई मनजीत कौर सहित जिले के सभी डीएसपी, एसएचओ और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना रहा। एसएसपी विर्क ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि यात्रा के पूरे रूट पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
सीएम के जालंधर विजिट को लेकर मीटिंग करते पुलिस अधिकारी।
सीएम के जालंधर विजिट को लेकर मीटिंग करते पुलिस अधिकारी।
एंटी-सबोटाज चेकिंग और मजबूत बैरिकेडिंग के निर्देश
एसएसपी विर्क ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के मद्देनजर रूट की एंटी-सबोटाज चेकिंग और मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी। निगरानी को सख्त बनाने के लिए हाई-टेक चेक प्वाइंट्स स्थापित किए गए हैं और समाज विरोधी तत्वों पर लगाम कसने के लिए दोपहिया वाहनों की विशेष चेकिंग मुहिम चलाने के आदेश दिए गए हैं।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल हमेशा तैयार रहे।
ट्रैफिक पुलिस को यात्रा सुचारु रखने के निर्देश
सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता की सुविधा का ध्यान रखते हुए ट्रैफिक पुलिस को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान यातायात बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलता रहे। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने की बात भी कही गई है।
एसएसपी जालंधर ग्रामीण ने दोहराया कि जिला पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है और “शुकराना यात्रा” के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए हर संभव प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।

US-India व्यापार में सुधार, मार्च में घाटा करीब 50% कम होकर 3.8 अरब डॉलर

भारत के साथ आयात-निर्यात में अंतर कम होने के बावजूद अमेरिका के व्यापार घाटे में बढ़ोतरी हुई है।

अमेरिका का भारत के साथ व्यापार घाटा मार्च 2026 में 3.8 अरब डॉलर रहा है, जो कि पिछले साल की समान अवधि के घाटे 7.4 अरब डॉलर से 48.64 प्रतिशत कम है। यह जानकारी अमेरिकी सरकार के आधिकारिक डेटा में दी गई।
अमेरिकी सरकार की ओर से बताया गया कि मार्च 2026 में अमेरिका का भारत को निर्यात बढ़कर 4.3 अरब डॉलर हो गया है। वहीं, भारत से आयात 8.4 अरब डॉलर रहा है।
भारत के साथ आयात-निर्यात में अंतर कम होने के बावजूद अमेरिका के व्यापार घाटे में बढ़ोतरी हुई है। मार्च में वस्तुओं और सेवाओं का कुल व्यापार घाटा बढ़कर 60.3 अरब डॉलर हो गया, जो फरवरी के संशोधित 57.8 अरब डॉलर से 2.5 अरब डॉलर अधिक है।
मार्च में अमेरिकी निर्यात 320.9 अरब डॉलर रहा, जो फरवरी से 6.2 अरब डॉलर अधिक है, जबकि आयात 8.7 अरब डॉलर बढ़कर 381.2 अरब डॉलर हो गया।
यह रिपोर्ट ऐसे समय पर आई है जब भारत और अमेरिका आर्थिक संबंधों को और गहरा करने के व्यापक प्रयासों के बीच व्यापार पहुंच, आपूर्ति श्रृंखला, प्रौद्योगिकी सहयोग और शुल्क संबंधी मुद्दों पर बातचीत कर रहे हैं।
मार्च में अमेरिका के कुल व्यापार घाटे में वृद्धि मुख्य रूप से वस्तुओं के घाटे में वृद्धि के कारण हुई, जो 4.1 अरब डॉलर बढ़कर 88.7 अरब डॉलर हो गया। सेवाओं का अधिशेष भी 1.6 अरब डॉलर बढ़कर 28.4 अरब डॉलर हो गया।
कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में वृद्धि के कारण मार्च में औद्योगिक आपूर्ति और सामग्रियों के निर्यात में 5 अरब डॉलर की तेज वृद्धि हुई। अकेले कच्चे तेल के निर्यात में 2.8 अरब डॉलर की वृद्धि हुई।
दूसरी तरफ, ऑटोमोबाइल उत्पादों, उपभोक्ता वस्तुओं और पूंजीगत वस्तुओं के आयात में उछाल से आयात को बढ़ावा मिला। ऑटोमोबाइल वाहनों, पुर्जों और इंजनों के आयात में 3.6 अरब डॉलर की वृद्धि हुई, जबकि यात्री कारों के आयात में 2.8 अरब डॉलर की वृद्धि हुई।
कंप्यूटर एक्सेसरीज के आयात में 2 अरब डॉलर की वृद्धि हुई, जो इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी उत्पादों की निरंतर मांग को दर्शाती है।
आंकड़ों से यह भी पता चला कि मार्च में चीन के साथ अमेरिका का व्यापार घाटा 14 अरब डॉलर था, जबकि वियतनाम और ताइवान के साथ घाटा क्रमशः 19.2 अरब डॉलर और 20.6 अरब डॉलर था।

Punjab Police का ड्रग्स तस्करी पर बड़ा एक्शन: 65 करोड़ की संपत्ति की फ्रीज़

0

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में लगातार ड्रग्स और हथियार गिराए जा रहे हैं।

पंजाब के सीमावर्ती गांवों में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तरनतारन पुलिस ने ‘गैंगस्टरों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत पाकिस्तान से जुड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की है। यह नेटवर्क राज्य में गैंगस्टरों को अपने अवैध कारोबार चलाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा था।
भगवंत मान सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के तहत जिला पुलिस ने पिछले तीन महीनों में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एन डी पी एस ) एक्ट के तहत 490 मामले दर्ज किए, 630 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और 47.527 किलोग्राम हेरोइन बरामद की।
इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तरनतारन सुरिंदर लांबा ने बताया कि सीमापार चुनौतियों के बावजूद राज्य पुलिस ने पाकिस्तान से लॉजिस्टिक सहायता प्राप्त कर रहे गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ ठोस कार्रवाई की है। उन्होंने कहा, “अब तक एक साल में 65 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज़ की गई है, जिसमें से अधिकांश पिछले तीन महीनों की कार्रवाई का परिणाम है। ये संपत्तियां सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से गैंगस्टरों और ड्रग तस्करों से जुड़ी थीं और इनके माध्यम से वे अपनी गतिविधियां चला रहे थे। पाकिस्तान के साथ लगभग 102 किलोमीटर लंबी सीमा होने के कारण पड़ोसी देश ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ और हथियार भेजने में सक्रिय रहता है। हाल के समय में तस्करी के तरीके तेजी से बदले हैं, लेकिन अपराध पर लगाम लगाने के लिए जिला पुलिस ने लक्ष्य आधारित रणनीति अपनाई है।”
साल 2024 में 313 मामले दर्ज हुए, 358 गिरफ्तारियां हुईं और 115 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। जबकि पिछले वर्ष 1,334 मामले दर्ज हुए, 1,662 गिरफ्तारियां हुईं और 244 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद की गई।
सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘ड्रोन–ड्रग्स–गन’ नेटवर्क एक हाई-टेक ऑपरेशन मॉडल के रूप में सामने आया है। ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के माध्यम से पुलिस ने ऐसे नेटवर्क के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत की है। ड्रग तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति के जरिए गैंग अपने आर्थिक ढांचे को मजबूत कर रहे हैं और बड़े अपराधों को अंजाम देने के लिए स्थानीय युवाओं को अपने गिरोह में शामिल कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में लगातार ड्रग्स और हथियार गिराए जा रहे हैं। इन खेपों को सीमावर्ती इलाकों से एकत्र कर विभिन्न शहरों में पहुंचाया जाता है, जो संगठित अपराध गिरोहों के लिए आय का बड़ा स्रोत बन चुका है।
एसएसपी लांबा ने बताया, “छोटे ड्रोन 0.5 से 12 किलोग्राम तक वजन उठा सकते हैं, जबकि बड़े ड्रोन एक ही उड़ान में 25 किलोग्राम तक सामग्री ले जा सकते हैं। ये ड्रोन भारतीय क्षेत्र में 5 से 15 किलोमीटर तक प्रवेश कर सकते हैं, जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती है।” उन्होंने कहा कि दूसरी सुरक्षा पंक्ति होने के बावजूद जिला पुलिस ने खुफिया आधारित अभियानों के जरिए ठोस परिणाम हासिल किए हैं।
जिला पुलिस ने ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियानों के तहत अब तक 1,736 मामले दर्ज किए हैं और 2,200 से अधिक व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। हाल ही में चलाए गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के दौरान छह दिनों में 236 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 10 भगोड़े अपराधी भी शामिल हैं। इस दौरान 3.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। अभियान में 50 टीमें तैनात की गईं, जिनमें प्रत्येक टीम में 10 पुलिसकर्मी शामिल थे।
उन्होंने आगे बताया, “संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम स्थापित किया गया है और चौबीसों घंटे गश्त की जा रही है। बरामद ड्रोन में कैमरे, जीपीएस सिस्टम और पहले से फीड किए गए रूट मैप मिले हैं, जो तस्करों की तकनीकी क्षमता को दर्शाते हैं। हाल ही में 10 किलोग्राम हेरोइन की खेप भी बरामद की गई है। गैंगस्टर ड्रग्स और हथियारों से होने वाली कमाई से अपने नेटवर्क को मजबूत कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का इस्तेमाल फिरौती के लिए किया जाता है और फोन कॉल के जरिए धमकियां दी जाती हैं। भुगतान न होने पर डर फैलाने के लिए फायरिंग जैसी घटनाओं का सहारा लिया जाता है।”
‘गैंगस्टरों ते वार’ अभियान के तहत हालिया कार्रवाइयों में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो शूटर, फाइनेंसर, ऑपरेटर और 14 सहयोगी शामिल हैं। सोशल मीडिया अकाउंट्स और बैंकिंग लेन-देन की निगरानी भी तेज की गई है, जहां कई मामलों में अन्य लोगों के नाम पर खाते इस्तेमाल किए जाने का खुलासा हुआ है।
एसएसपी लांबा ने पुष्टि की कि, “राज्य पुलिस अब गैंगस्टरों द्वारा इस्तेमाल की जा रही आधुनिक तकनीक का मुकाबला करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर रही है। ‘गैंगस्टरों ते वार’ और ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान इन नेटवर्क को तोड़ने और ड्रग तस्करी रोकने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।” इसके अलावा ड्रोन, हथियार, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।