मोगा जिले के निहाल सिंह वाला क्षेत्र के गांव खोटे में बीती रात एक दुखद सड़क हादसा हुआ।
मोगा जिले के निहाल सिंह वाला क्षेत्र के गांव खोटे में बीती रात एक दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें प्रसिद्ध कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत सिंह रौनता की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब सुरजीत सिंह अपने दोस्त के साथ कार से बाघापुराना से अपने गांव रोता जा रहे थे। सड़क निर्माण कार्य के चलते खोटे गांव के पास बिना कोई चेतावनी बोर्ड और रात के समय जरूरी रोशनी की व्यवस्था के अभाव में यह हादसा हुआ।
घटना के बाद गांव वासियों ने सड़क निर्माण ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि सड़क पर निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा था, लेकिन ठेकेदार ने सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए थे। रात के समय अंधेरे में कार अनियंत्रित हो गई और खाई में गिर गई, जिससे सुरजीत सिंह की मौत हो गई।
-CCTV में कैद हुई घटना
सीसीटीवी कैमरे में यह हादसा कैद हो गया है, हालांकि अंधेरे के कारण स्पष्ट रूप से कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर परिवार और गांववासी लगातार प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं और हादसे के कारणों की जांच की अपील कर रहे हैं। गांव वासियों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा उपायों की कमी के चलते यह हादसा हुआ है, जबकि पहले भी इस इलाके में कई छोटे-मोटे हादसे हो चुके थे।
ग्रामीणों ने कहा, “यह लड़का बहुत ही होनहार और मेहनती था। कबड्डी के खेल में उसकी गहरी रुचि और कौशल था, और अब वह हमारे बीच नहीं रहा। इस हादसे से पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचा है। हम प्रशासन से उम्मीद करते हैं कि वह इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करेगा।”
वहीं, इस घटना के बाद थाना निहाल सिंह वाला के थाना प्रभारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें हादसे और धरने के बारे में जानकारी मिल चुकी है। वे घटनास्थल पर जा रहे हैं और मामले की पूरी जांच करेंगे, साथ ही उचित कार्रवाई भी की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा के मानकों की उपेक्षा करने वाले निर्माण कार्यों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग अब इस मुद्दे को लेकर जागरूक हो गए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए कड़े सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।