Monday, June 29, 2026
Home Blog Page 154

BBMB के पानी बंटवारे के खिलाफ पंजाब सरकार का विरोध, मंत्री ने कहा- खून से भी ज्यादा प्यारा पानी

सीएम मान ने कहा कि पंजाब के हक पर यह डाका बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इन दिनों हरियाणा और पंजाब के बीच BBMB के पानी बंटवारे को लेकर एक बार फिर से लड़ाई शुरू हो गई है। एक तरफ से जहां हरियाणा को BBMB के जरिए पंजाब से 8500 क्यूसेक पानी देने का फैसला किया गया है, वहीं पंजाब सरकार की तरफ से लगातार इसका विरोध किया जा रहा है। इस मुद्दे पर पंजाब के सभी मंत्री एक ही सुर में बयान दे रहे हैं। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से इस मुद्दे पर एक और बयान सामने आया है। सीएम मान ने कहा कि पंजाब के हक पर बीजेपी का यह डाका वह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
‘बर्दाश्त नहीं करेंगे यह डाका’
सीएम मान ने अपने X हैंडल पर इस मुद्दे को लेकर एक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि वह BBMB के जरिए पंजाब और पंजाबियों के हक के पानी को हरियाणा को देने के फैसले का कड़ा विरोध करते हैं। हरियाणा और केंद्र की भाजपा सरकार पंजाब के खिलाफ एकजुट हो गई है। उन्होंने आगे लिखा कि वह पंजाब के हक पर बीजेपी का यह डाका वह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा को विरोध का सामना करने की चेतावनी दी है।
‘खून से भी ज्यादा प्यारा पानी’
सीएम मान के अलावा पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने केंद्र की भाजपा सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि BBMB के जरिए पंजाब के हिस्से का पानी हरियाणा को देना पूरी तरह गलत है। पंजाब को हर बार की तरह केंद्र की भाजपा सरकार ने धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार, आम आदमी पार्टी और 3 करोड़ पंजाबी किसी भी हद तक जाएंगे लेकिन यह धोखा बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमें अपने खून से भी ज्यादा प्यारा पानी है। पंजाब सरकार राज्य के पानी की रक्षा करने के लिए वचनबद्ध है।
पंजाब के लोगों के हक पर डाका
वहीं, दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी BBMB के इस फैसले का विरोध किया है। उन्होंने अपनी X पोस्ट में लिखा कि भाजपा ने एक बार फिर से पंजाब के किसानों को धोखा देने का काम किया है। BBMB के जरिए पंजाब के लोगों के हक पर डाका डाला है। BBMB के जरिए हरियाणा को मिलने वाला 8500 क्यूसेक पानी पंजाब के खेतों और उनके किसानों का हक है। इस मामले में कांग्रेस चुप है और भाजपा इस लूट में शामिल है।

गर्मी की छुट्टियों का ऐलान! जारी हो गया पूरा Schedule

गर्मी की छुट्टियों का ऐलान हुआ है।

पी.जी.आई. में समर वैकेशन 16 मई से शुरू होने जा रहा है। 14 जून तक पी.जी.आई. के आधे  डॉक्टर छुट्टी पर रहेंगे, जबकि दूसरे हाफ में अन्य डॉक्टर छुट्टी पर जाएंगे। पी.जी.आई. ने इस संबंध में पहले हॉफ का रोस्टर भी जारी कर दिया है। अस्पताल के 50 प्रतिशत  डॉक्टर्स समय वैकेशन पर होंगे। पहले हॉफ में 50 प्रतिशत से अधिक सीनियर कंसल्टैंट छुट्टी पर होंगे। अगर कोई स्टाफ छुट्टी पर नहीं जाना चाहता तो वह उसका व्यक्तिगत फैसला होगा। सभी विभागों के एच.ओ.डी. को कहा गया है वह अपने-अपने विभाग मैनेज कर देखें कि छुट्टियां कैसे मैनेज करनी है।
हालांकि एमरजैंसी में  सभी तरह की ड्यूटी और सर्विस पहले की तरह ही जारी रहेगी। मरीजों को किसी तरह की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान सारा भार संस्थान के जूनियर व सीनियर रैजीडैंट्स पर रहता है। वहीं, ओ.पी.डी. का कामकाज संभालते हैं। पी.जी.आई. साल में 2 बार डॉक्टरों को छुट्टी देता है। एक गर्मी और दूसरी सर्दी की। गर्मी में डॉक्टर पूरे एक महीने छुट्टी पर रहते हैं, जबकि सर्दी में सिर्फ 15 दिन।
मरीजों की देखभाल प्राथमिकता
पी.जी.आई. प्रशासन ने साफ किया है कि छुट्टियों के दौरान भी मरीजों की देखभाल प्राथमिकता रहेगी।इसलिए भी विभागों में कम से कम आधे फैकल्टी सदस्य हर समय ड्यूटी पर मौजूद रहे। साथ ही पी.जी.आई. ने कहा कि कोई भी फैकल्टी एक हाफ में छुट्टी और दूसरे हाफ में कॉन्फ्रैंस या एल.टी.सी.या अर्जित अवकाश नहीं ले सकता है, ताकि अस्पताल की सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहे।
दो हाफ में रहेगी वेकेशन
पहला हाफ 16 मई से 14 जून
दूसरा हाफ 16 जून से 15 जुलाई
5 जून (रविवार) को सभी फैकल्टी को ड्यूटी पर आकर चार्ज हैंडओवर करना होगा।

 

Punjab Government ने एजी कार्यालय का किया विस्तार, 111 विधि अधिकारियों की नियुक्ति की घोषणा

पंजाब सरकार ने राज्य की कानूनी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

 पंजाब सरकार ने राज्य की कानूनी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को राज्य सरकार ने एडवोकेट जनरल (एजी) कार्यालय में 111 विधि अधिकारियों की नियुक्ति एवं पहले से कार्यरत अधिकारियों के कार्यकाल विस्तार की घोषणा की। यह निर्णय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा सर्वोच्च न्यायालय में राज्य सरकार की कानूनी उपस्थिति को सशक्त करने के उद्देश्य से लिया गया है।
-अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी
इस नई अधिसूचना के तहत चंडीगढ़ और दिल्ली में कार्यरत विधि अधिकारियों को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता शादान फरासत, जो सुप्रीम कोर्ट में अतिरिक्त महाधिवक्ता (एएजी) के रूप में पंजाब का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, का कार्यकाल बढ़ा दिया गया है। दिल्ली में अधिवक्ता गौरव धामा, रजत भारद्वाज और राजेश महाजन को सेवा विस्तार मिला है, जबकि विवेक जैन को नया एएजी नियुक्त किया गया है।
उप महाधिवक्ताओं की नियुक्तियों में भी सरकार ने निरंतरता बरकरार रखी है। एडवोकेट तल्हा अब्दुल रहमान, ऋषिकेश कुमार और भक्ति पसरीजा अपनी वर्तमान भूमिकाओं में बने रहेंगे। साथ ही प्रतीक कृष्ण चड्ढा और तुषार सानू दहिया को डिप्टी एडवोकेट जनरल (डीएजी) के रूप में नई नियुक्ति दी गई है।
-इन अधिकारियों की नियुक्ति की उम्मीद
चंडीगढ़ में 18 एडिशनल एडवोकेट जनरल, 7 सीनियर डिप्टी एडवोकेट जनरल, 24 डिप्टी एडवोकेट जनरल और 35 असिस्टेंट एडवोकेट जनरल की नियुक्तियां की गई हैं, जिससे राज्य के कानूनी ढांचे को काफी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ अधिवक्ता गुरमिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद 30 मार्च को एडवोकेट मनिंदरजीत सिंह बेदी को नया एडवोकेट जनरल नियुक्त किया गया था। इसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता अनु चतरथ को सीनियर एडिशनल एडवोकेट जनरल बनाया गया, जिनके लिए आज नया आदेश जारी किया गया है।

Ludhiana में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ के बाद लंडा गैंग के शूटर को किया गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी कामयाबी दिलाते हुए

पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। जिसमें पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी कामयाबी दिलाते हुए कुख्यात लांडा गैंग के एक सक्रिय सदस्य को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई साहिबाना गांव में हुई, जहां पुलिस और आरोपी के बीच तीव्र गोलीबारी हुई।
-पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विशेष सूचना के आधार पर आरोपी की निगरानी की जा रही थी। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल से एक अवैध हथियार और कई जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
-पंजाब पुलिस ने की कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी हाल ही में डिवीजन नंबर 2 क्षेत्र में 20 अप्रैल को हुए गोलीबारी की घटना में शामिल था, जिसकी एफआईआर नंबर 45 के तहत रिपोर्ट दर्ज है। उसी मामले में अक्षय नामक एक अन्य आरोपी को 29 अप्रैल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस कमिश्नरेट ने पुष्टि की है कि लांडा गैंग के नेटवर्क और उसके सहयोगियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही क़ानून के कटघरे में लाया जाएगा। मामले की जांच तेज़ी से आगे बढ़ रही है, और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।

Pakistan में घुसकर एक ऐसे आदमी को मारेंगे, जो लाख के बराबर होगा, Lawrence Bishnoi की पाकिस्तान को धमकी

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ गया है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव बढ़ गया है। इस्लामिक आतंकी संगठन द रेसिस्टेन्स फ्रंट ने पहले इस हमले की ज़िम्मेदारी ली थी, जिसमें पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर हिंदू धर्म की पुष्टि होने पर आतंकियों ने हमला कर दिया। इस आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई और 22 घायल हो गए।
कुख्यात लॉरैंस बिश्नोई गैंग ने पहलगाम हमले का बदला लेने की धमकी दी है। इस गैंग की धमकी से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रही है जिसमें गैंग ने लिखा है कि पहलगाम हमले में निदरेष लोगों की हत्या का जवाब देने के लिए हम पाकिस्तान में घुसकर एक ऐसे आदमी को मारेंगे, जो एक लाख के बराबर होगा। पोस्ट में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तोएबा के सरगना हाफिज सईद की फोटो भी लगी है और उस पर क्रॉस का चिन्ह लगाया गया है।
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। भारत में कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका लॉरैंस बिश्नोई गिरोह अक्सर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने गुनाहों की जिम्मेदारी लेता रहा है। हालांकि उसके इस पोस्ट में कितनी सच्चाई है और क्या इसे गैंग ने ही पोस्ट किया है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

पहलगाम हमले में जिस तरह निर्दोष लोगों का धर्म पूछकर गोली मारी गई, उससे लॉरेंस गैंग गुस्से में है। उसने पाकिस्तान में अपना एक टारगेट तय कर लिया है। सोशल मीडिया पर खुलेआम उसकी तस्वीर भी शेयर कर दी है। वह कोई और नहीं मुंबई हमले का गुनहगार हाफिज सईद है। यह धमकी ऐसे समय में दी गई है जब भारतीय मीडिया में हाफिज की लोकेशन भी बताई जा रही है। लाहौर में एक घर की तस्वीर सामने आई है जिसके बार सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।
हाफिज सईद भारत के लिए मोस्ट वांटेड आतंकी है। हाफिज बड़े आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मुखिया है। मुंबई में हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड भी यही आतंकी है। इसके अलावा भारत पर होने वाले ज्यादातर आतंकी हमलों में हाफिज का हाथ होता है। पुलवामा में कई जवानों को एक साथ बम से उड़ाने की साजिश भी इसी आतंकी ने रची थी। भारत के अलावा दुनिया के कई देशों ने हाफिज को आतंकी घोषित किया है। भारत कई बार पाकिस्तान से इस आतंकी को सौंपने की मांग कर चुका है, लेकिन पाकिस्तान ने उसे पनाह दी हुई है।
लॉरेंस बिश्नोई पर हमेशा से पाकिस्तान के साथ कनेक्शन होने का दावा किया जाता रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक चार्जशीट में दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई का गैंग पाकिस्तान स्थित खालिस्तानी आतंकवादी समूहों बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के साथ मिलकर काम करता है।
बीकेआई का आतंकी हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंदा कथित तौर पर बिश्नोई के शूटरों का उपयोग भारत में हमलों और हत्याओं के लिए करता था। इसके अलावा 2024 में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि लॉरेंस बिश्नोई कथित तौर पर पाकिस्तान के गैंगस्टर शाहजाद भट्टी से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसके अलावा बिश्नोई पर पाकिस्तान से हथियारों की तस्करी का भी आरोप लगा है। हालांकि बिश्नोई ने खुद को देशभक्त बताया है और पड़ोसी देश से कनेक्शन की बात से इनकार किया है।

पंजाब किंग्स 4 विकेट से जीता, चहल ने की हैट्रिक और श्रेयस ने की दमदार बल्लेबाजी

पंजाब ने चेन्नई को 4 विकटों से हराया

युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी और प्रभसिमरन सिंह वं श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उनके घर में चार विकेट से हरा दिया। इसी के साथ चेन्नई का सफर ख़त्म हो गया और वह प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 19.2 ओवर में 10 विकेट खोकर 190 रन बनाए। उनके लिए सैम करन ने 88 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके बाद पंजाब ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 196 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को जीत के लिए 191 रन का लक्ष्य दिया है। युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 190 पर रोक दिया। चेन्नई के लिए सर्वाधिक रन सैम करन (88) ने बनाए। दूसरी तरफ टीम की तरफ से शेख रशीद 11, आयुष म्हात्रे 07, रवींद्र जडेजा 17, डेवाल्ड ब्रेविस 32, शिवम दुबे 06, धोनी 11, दीपक हुड्डा 02, कंबोज 00, नूर अहमद 00 और खलील अहमद 00* पर नॉट आउट रहे लेकिन चेन्नई की पूरी टीम
पुरे ओवर खेले बिना ही ऑल आउट हो गई। वहीं, पंजाब के लिए अनुभवी लेग स्पिनर चहल ने 19वें ओवर में चार विकेट हासिल किए। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने मौजूदा सत्र की पहली हैट्रिक भी हासिल की।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
चेन्नई सुपर किंग्स: शेख रशीद, आयुष म्हात्रे, सैम करन, रवींद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, दीपक हुड्डा, एमएस धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना।
(इम्पैक्ट प्लेयर्स: अंशुल कंबोज, रविचंद्रन अश्विन, कमलेश नागरकोटी, रामकृष्ण घोष, जेमी ओवरटन।)
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, सूर्यांश शेडगे, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बराड़, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
(इम्पैक्ट प्लेयर्स: प्रभसिमरन सिंह, मुशीर खान, विजयकुमार विशाक, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे।)

कैबिनेट मंत्री Kuldeep Dhaliwal ने 6.53 करोड़ रुपए के वाटर प्रोजैक्ट का नींव-पत्थर रखा

 पंजाब वाटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड की स्कीम 2.0 के तहत 6.53 करोड़ रुपए की लागत वाले प्रोजैक्ट का नींव पत्थर रखा।

 कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने बुधवार को स्थानीय शहर के अजनाला में पंजाब वाटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड की स्कीम 2.0 के तहत 6.53 करोड़ रुपए की लागत वाले प्रोजैक्ट का नींव पत्थर रखा। प्रवासी मामलों के धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की दूरदृष्टि वाली सरकार लोगों को उच्च स्तरीय सेवाएं देने के लिए वचनबद्ध है।
कैबिनेट मंत्री धालीवाल ने कहा कि प्रदेश के लोगों को घरों तक पीने का साफ पानी उपलब्ध करवाने के लिए मौजूदा वित्त वर्ष मे जल श्रोतों के नए प्रजैक्टों का पुणनिर्माण और जमीन के नीचे पाइप लाइनें बिछाने के लिए 723 करोड़ रुपए खर्च किए जाने जा रहे हैं। जबकि पिछले चल रहे प्रोजैक्टों को पूरा करने के लिए 1343 करोड़ रुपए की राशि अलग तौर पर रखी गई है।
उन्होंने आज स्थानीय शहर में पंजाब वाटर सप्लाई और सीवरेज बोर्ड की 2.0 स्कीम के तहत 6.53 करोड़ रुपए की लागत से 20.85 किलोमीटर लंबी अजनाला शहर में वाटर पाइप बिछाने के प्रोजैक्ट का नींव पत्थर रखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शुद्ध पीने वाले पानी के इस प्रोजैक्ट को मुकम्मल करने में पूरी पारदर्शितारखी जाए और अगले 12 महीनों में इस प्रोजैक्ट को पूरा किया जाए, ताकि समय पर शहरियों को समर्पित किया जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी के अंदाज में कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश मान सरकार की तरफ से पंजाब के बड़े शहरों और शहरी कस्बों को पीने वाले शुद्ध पानी सप्लाई के किए जा रहे विशेष प्रबंधों के अलावा ग्रामीण इलाके को पीने वाला शुद्ध पानी मुहैया करवाने और बेहतर सैनिटेशन सुविधाओं के लिए अलग तौर पर इस साल 1614 करोड़ रुपए की राशि खर्च करने के लिए बजट में व्यवस्थआ की गई है।
कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा इस प्रोजैक्ट से शहरों में नहरी पानी आधारित योजनाओं को तेजी से लागू करना, बुनियादी ढांचे का पुणनिर्माण करना और सेनिटेशन व साफ सफाई की मजबूत स्थिति स्थापित होगी। उन्होंने पिछली सरकारों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने लोगों को स्तरीय सेवाएं प्रदान करने में बिल्कुल भी रुचि नहीं दिखाई।
जिसके मद्देनजदर प्रदेश की मान सरकार रंगले पंजाब के तहत लोक हित सेवाओं के लिए तनदेही से समर्पित है। इस अवसर पर पनग्रेन के चेयरमैन बलदेव सिंह मियादियां, जिला देहाती प्रधान बलजिंदर सिंह थांदे, खुशपाल सिंह धालीवाल, नगर पंचायत के प्रधान भट्टी जसपाल सिंह ढिल्लों समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

Punjab Police ने सीमा पार से मादक पदार्थ गिरोह का किया भंडाफोड़

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर नशे के खिलाफ चल रही जंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए

 मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर नशे के खिलाफ चल रही जंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तरनतारन पुलिस ने एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 4 किलो हेरोइन जब्त करके नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तरनतारन अभिमन्यु राणा ने बुधवार को दी। बता दें कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रूपिंदर कौर निवासी गांव धनोआ खुर्द, घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है।
एसएसपी अभिमन्यु राणा ने बताया कि आरोपी और उसका बेटा गगनप्रीत सिंह पाकिस्तान स्थित तस्करों के सीधे संपर्क में थे और सीमा पार से नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करते थे, क्योंकि आरोपी का निवास ड्रोन क्षेत्र में स्थित है। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि ड्रोन की मदद से खेप गिराई जा रही थी।
4 किलो हेरोइन के साथ महिला नशा तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिमन्यु राणा आईपीएस ने कहा कि विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एसपी (डी) अजय राज सिंह, डीएसपी (डी) गुरिंदरपाल सिंह नागरा और आई/सी सीआईए स्टाफ अमनदीप रंधावा की देखरेख में सीआईए, स्टाफ की एक पुलिस टीम ने 30 अप्रैल को अमृतसर ग्रामीण के गांव धनोआ खुर्द के इलाके में एक लक्षित अभियान चलाया और रूपिंदर कौर को 4 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 (सी), 29 के तहत मामला दर्ज
एसएसपी ने कहा कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगी होने की संभावना है, क्योंकि रूपिंदर कौर का बेटा गगनप्रीत सिंह भी इस गठजोड़ में शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि आपूर्तिकर्ताओं, डीलरों और खरीदारों के पूरे नेटवर्क को उजागर करने के साथ-साथ गिरफ्तार आरोपियों द्वारा अब तक प्राप्त की गई कुल मात्रा का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 30 अप्रैल, 2025 को एफआईआर नंबर 38 के तहत सराय अमानत खान पुलिस स्टेशन, तरनतारन में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 (सी), 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Jalandhar Police और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

आज सुबह जालंधर ग्रामीण पुलिस और एक गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई।

आज सुबह जालंधर ग्रामीण पुलिस और एक गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना उस समय हुई जब पुलिस ने बाइक सवार युवक को रोकने की कोशिश की। बाइक सवार युवक ने खुद को फंसता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी।
आरोपी के पैर में लगी गोली
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, जिसमें आरोपी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, जब पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपी की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर निवासी साजन नैय्यर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार साजन नैय्यर पर पहले से ही 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, हथियार तस्करी और गंभीर अपराध शामिल हैं।
संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि साजन नैय्यर पंजाब के विभिन्न जिलों में अवैध हथियारों की आपूर्ति कर रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि ये हथियार कौन और क्यों मुहैया करा रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसके नेटवर्क की जांच जारी है।

America जा रहे थे पूर्व मंत्री Suchha Singh Chhotepur, IGI एयरपोर्ट पर पासपोर्ट हुआ जब्त

पंजाब की राजनीति के वरिष्ठ चेहरे और शिरोमणि अकाली दल (सुधार) के नेता सुच्चा सिंह छोटेपुर को अमेरिका यात्रा की इजाजत नहीं दी गई।

पंजाब की राजनीति के वरिष्ठ चेहरे और शिरोमणि अकाली दल (सुधार) के नेता सुच्चा सिंह छोटेपुर को अमेरिका यात्रा की इजाजत नहीं दी गई। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनका पासपोर्ट जब्त कर उन्हें यात्रा से रोक दिया। छोटेपुर अपनी पोती की शादी में शामिल होने के लिए लॉस एंजिल्स जा रहे थे।
-इमिग्रेशन अधिकारियों ने की कार्रवाई
घटना बुधवार रात की बताई जा रही है, जब छोटेपुर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पासपोर्ट के दुरुपयोग की सूचना है, जिस आधार पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, छोटेपुर ने इस पर हैरानी जताई और कहा कि उनके पास सभी दस्तावेज सही हैं, और न ही उन पर कोई आपराधिक या सिविल मामला लंबित है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं अपनी पोती की शादी में शरीक होने जा रहा था, सारे दस्तावेज मेरे पास थे। मुझे अब तक समझ नहीं आ रहा कि आखिर मुझे रोका क्यों गया। अधिकारियों ने मेरी एक भी बात सुनने से इनकार कर दिया।”

-सवालों में उठी कार्रवाई

इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह कोई तकनीकी त्रुटि थी, या किसी साजिश का हिस्सा? फिलहाल, छोटेपुर के समर्थक और राजनीतिक हलकों में इस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई जा रही है। मामले की जांच की मांग की जा रही है ताकि सच सामने आ सके और यदि यह एक गलती है, तो उसे शीघ्र सुधारा जाए।